हिमाचल में 2022 के अंतिम महीनों में कम बरसे बादल, कोहरे का यैलो अलर्ट जारी

Monday, Jan 02, 2023 - 10:24 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल पिछले माह से सूखे की चपेट में है। प्रदेश में बारिश न होने से ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में पिछले 3 महीनों में 23 प्रतिशत सामान्य से कम बारिश हुई है। विभाग के अनुसार अक्तूबर, नवम्बर और दिसम्बर महीने में 23 प्रतिशत कम बारिश हुई है। ऊना, हमीरपुर और किन्नौर जिला में भारी सूखा देखा गया है, वहीं लाहौल-स्पीति, सोलन व चम्बा जिलों में भी बारिश न के बराबर हुई है। इसके अतिरिक्त अन्य जिलों में बारिश सामान्य के आसपास हुई है। 2019 के बाद प्रदेश में आखिरी 3 महीनों में सामान्य से कम बारिश का क्रम जारी है। 2019 में सामान्य से 40 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई थी। इससे पहले 2004 में सामान्य से 5 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई थी। वर्ष 2005 और वर्ष 2016 में न के बराबर बारिश हुई थी। प्रदेश आने वाले 3 दिनों में कोल्ड वेव जारी रहेगी। मौसम विभाग ने 5 जिलों में 5 जनवरी तक कोहरे का यैलो अलर्ट जारी किया है। ऊना, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और मंडी जिलों में सुबह के समय कोहरे छाने की संभावना है।

प्रदेश में विजिबिलिटी रहेगी कम
कोहरे के कारण जहां विजिबिलिटी कम रहेगी, वहीं पूरे प्रदेश में शीतलहर चलने की संभावना भी जताई गई है। विजिबिलिटी कम होने के कारण वाहन चालकों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में 6 जनवरी तक दिन के समय मौसम साफ  रहेगा। इस दौरान प्रदेश में बारिश व बर्फबारी के आसार नहीं हैं। हिमाचल प्रदेश की ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीते दिनों हुई बर्फबारी के बाद प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है। पहाड़ों में जहां बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आ गई है, जबकि निचले क्षेत्रों में कोहरे के कारण तापमान में गिरावट चल रही है। तापमान में गिरावट के कारण लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

इन जिलों में माइनस में तापमान
प्रदेश में सबसे कम तापमान लाहौल-स्पीति जिला के केलांग में दर्ज किया गया है। केलांग में न्यूनतम तामपान -9.6 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया है। केलांग के बाद कुकुमसेरी में सबसे कम तामपान है। यहां का न्यूनतम तापमान -8.1 डिग्री सैल्सियस है। इसके अलावा किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान -3.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। मनाली में न्यूनतम तामपान 1.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। शिमला के नारकंडा में न्यूनतम तामपान -0.1 डिग्री सैल्सियस है। शिमला में 3.1, सुंदरनगर में 2.1, धर्मशाला में 6.4, ऊना में 3.6, कांगड़ा में 5.1, हमीरपुर में 3.2 और बिलासपुर में 5.0 डिग्री सैल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।

पहाड़ों से ठंडे मैदान, बसों के समय में हो रही देरी
मैदानी इलाकों में कोहरा गिरने के कारण सुबह और शाम का ठंड का प्रकोप सिर चढ़कर बोल रहा है। मैदानी क्षेत्रों में पहाड़ों से भी ज्यादा ठंड है। सोलन, ऊना और हमीरपुर जिलों में न्यूनतम तापमान 1 डिग्री सैल्सियस चल रहा है। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सैल्सियस, सुंदरनगर व भुंतर माइनस में चल रहे हैं। पंजाब, हरियाणा सहित हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा पड़ रहा है। कोहरे के कारण शिमला से चंडीगढ़-दिल्ली जाने वाली बसों का सफर लंबा हो गया है। कोहरे में एच.आर.टी.सी. ने चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एच.आर.टी.सी. की ओर से जारी एडवाइजरी चालकों को फॉग लाइट के साथ गाड़ी धीरे चलने के लिए कहा गया है। इसके कारण बसें निर्धारित समय से 1-2 घंटा देरी से पहुंच रही हैं।

Content Writer

Kuldeep