Weather Update: 24 घंटों में कई स्थानों पर वर्षा और बर्फबारी की संभावना, 3 शहरों में माइनस में पारा

punjabkesari.in Tuesday, Nov 04, 2025 - 09:09 PM (IST)

शिमला (संतोष): मंगलवार को 6 राज्यों में यैलो अलर्ट के बीच में कल्पा में बूंदाबांदी हुई है। राज्य में सर्दी का असर बढ़ गया है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में तापमान लगातार गिरने लगा है। जनजातीय क्षेत्रों में कई जगह पारा शून्य से नीचे पहुंच गया है। सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक प्रदेश के 3 स्थानों पर न्यूनतम तापमान माइनस में दर्ज किया गया।

लाहौल-स्पीति जिला का ताबो इस समय सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां तापमान माइनस 3.8 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसी जिला के कुकुमसेरी में माइनस 0.9 डिग्री और केलांग में माइनस 0.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री और रिकांगपिओ में 5.7 डिग्री रहा। पर्यटन स्थलों शिमला और मनाली में भी ठंड बढ़ गई है।

शिमला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले दिन से 3 डिग्री कम है, जबकि मनाली में पारा 5.9 डिग्री सैल्सियस तक गिरा। इसी तरह राज्य के अन्य भागों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, भुंतर में 8.2 डिग्री, नाहन में 13.2 डिग्री, ऊना में 13.3 डिग्री, धर्मशाला में 13.4 डिग्री, पालमपुर में 10 डिग्री, सोलन में 7 डिग्री, मंडी में 11 डिग्री, कांगड़ा में 12.8 डिग्री, हमीरपुर में 10.9 डिग्री, जुब्बड़हट्टी में 10.6 डिग्री, कुफरी में 7.9 डिग्री, नारकंडा में 5.9 डिग्री, भरमौर में 7.6 डिग्री और सियोबाग में 6.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते 24 घंटों में राज्य के औसतन न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट आई है।

मंगलवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश व बर्फबारी के अलर्ट के बावजूद मौसम साफ बना रहा। शिमला और मनाली में भी धूप खिली, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। सुंदरनगर में घने कोहरे के कारण दृश्यता केवल 200 मीटर तक सीमित रही। ऊना में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री, शिमला में 20.4 डिग्री रहा।

इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले 24 घंटों में कई स्थानों पर वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की भी संभावना है, लेकिन किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया है। 6 नवम्बर से 10 नवम्बर तक भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep