Weather Update: प्रदेश में बिगड़ेगा मौसम, 6 जिलों में बारिश व बिजली गिरने का यैलो अलर्ट
punjabkesari.in Monday, Nov 03, 2025 - 08:39 PM (IST)
शिमला (संतोष): राज्य में सक्रिय हो रहे ताजा व नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण राज्य में अब मौसम बिगड़ने वाला है। मंगलवार से प्रदेश के कई हिस्सों में 2 दिन बारिश व बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए यैलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से इन दो दिनों में कई स्थानों पर वर्षा और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार इस बदलाव के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का असर बढ़ेगा।
4 नवम्बर को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, मंडी और कांगड़ा जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने का यैलो अलर्ट रहेगा। वहीं 5 नवम्बर को भी पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा, लेकिन इस दिन के लिए कोई अलर्ट व चेतावनी नहीं दी गई है। 4 व 5 नवम्बर को लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना है। इसके बाद 6 से 8 नवम्बर तक पूरे प्रदेश में मौसम के साफ रहने का अनुमान है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ौतरी हो सकती है।
इस बीच राज्य के कई शहरों में ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में रविवार न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा। इसी जिले के ताबो में माइनस 0.1 और केलांग में 0.1 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। किन्नौर के कल्पा में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री और रिकांगपिओ में 8.1 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मैदानी जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिला है। मंडी जिले के सुंदरनगर में घने कोहरे से दृश्यता केवल 250 मीटर और बिलासपुर में 700 मीटर तक सीमित रही। प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के बाद राज्य में सर्द हवाएं चलेंगी, ठंड में और इजाफा होगा।

