Weather Updates: हिमाचल में दो दिन फिर खराब रहेगा मौसम, बर्फबारी और बारिश का दौर जारी

punjabkesari.in Tuesday, Oct 07, 2025 - 06:59 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश का दौर जारी है। मंगलवार को प्रदेश भर में बारिश का दौर जारी रहा। वहीं लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा जिलों की पहाड़ियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी व बारिश के चलते प्रदेश में ठंड भी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले के केलांग में इस सीजन में पहली बार तापमान माइनस में पहुंच गया है। केलांग में न्यूनतम पारा -0.5 डिग्री, कुकुमसेरी में -0.3 डिग्री और ताबो में 1.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है।

वहीं सिरमौर के पच्छाद में सबसे अधिक 59 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि जतौन बेरेज में 58, कुकुमसेरी में 56, कोठी में 54, कंडाघाट में 43, कसौली में 42, नाहन में 41 और जोत में 38 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। इसके अतिरिक्त लाहौल-स्पीति के गोंदला में 26 सैंटीमीटर, केलांग में 20 सैंटीमीटर और कुकुमसेरी में 6 सैंटीमीटर बर्फ गिरी है। भारी बर्फबारी के कारण मनाली, लेह, दारचा, शिंकुला, कोकसर, काजा और डोडरा-क्वार सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई है।

8 और 9 अक्तूबर को भी मौसम खराब
मौसम विभाग के अनुसार 8 और 9 अक्तूबर को भी मौसम खराब रहेगा, हालांकि इन दिनों कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 10 से 13 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।

औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सैल्सियस नीचे
प्रदेश में औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सैल्सियस नीचे चला गया है। मनाली और शिमला का तापमान क्रमश: सामान्य से 3 और 2.7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। नारकंडा में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री, डल्हौजी में 6 डिग्री, मनाली में 6.1 डिग्री, रिकांगपिओ में 6.3 डिग्री, कुफरी में 6.7 डिग्री व शिमला में 8.8 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया। इस बेमौसमी बर्फबारी और बारिश ने अक्तूबर महीने में ही हिमाचल को ठिठुरन भरी सर्दी में पहुंचा दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News