21 व 22 को रहेगा यैलो अलर्ट, मध्य व उच्च पर्वतीय इलाके होंगे प्रभावित

Monday, Mar 18, 2024 - 07:10 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल में एक बार फिर से 20 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 21 व 22 मार्च को बिजली की चमक के साथ गरज के साथ वर्षा व हिमपात होने का यैलो अलर्ट रहेगा। इसका असर 24 मार्च तक बना रहेगा। राज्य में मंगलवार को मध्य व उच्च पर्वतीय इलाकों में एक-दो स्थानों पर वर्षा व हिमपात होने के आसार हैं जबकि बुधवार को सभी जगहों में मौसम साफ व शुष्क रहेगा। गुरुवार से राज्य में मौसम करवट बदलेगा। सोमवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश इलाकों में धूप खिली, जिससे तापमान में इजाफा हुआ है। ऊना में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री रहा जबकि राजधानी शिमला में 19.1 डिग्री तापमान दर्ज हुआ है। न्यूनतम तापमान केलांग में माइनस 5.1 डिग्री रहा, जबकि शिमला में 8.6 डिग्री रहा। केलांग के अलावा कुकुमसेरी व समधो में तापमान माइनस में चला हुआ है जबकि अन्य जगहों पर तापमान में वृद्धि हुई है।

3 सड़कें व 28 ट्रांसफार्मर किए ठीक
पिछले 24 घंटों में 3 सड़कें खोली गई हैं जबकि 28 बिजली के ट्रांसफार्मर दुरुस्त बनाए गए हैं। किन्नौर में बंद पड़ा एन.एच. भी यातायात के लिए खोल दिया गया है। अब प्रदेश में 4 एन.एच., 256 सड़कें, 56 ट्रांसफार्मर व 4 पेयजल योजनाएं ही बंद पड़ी हुई हैं। कुल्लू व लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के कारण चार नैशनल हाईवे अवरुद्ध चल रहे हैं जबकि सबसे अधिक 233 सड़कें लाहौल-स्पीति जिले में बंद चल रही हैं।

Content Writer

Kuldeep