ए.डी.जी. सी.आई.डी. वेणुगोपाल को राष्ट्रपति पुलिस पदक

Monday, Jan 25, 2021 - 06:58 PM (IST)

शिमला (राक्टा): गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रपति पुलिस पदकों की घोषणा की है। इस बार हिमाचल की झोली में विशिष्ट सेवाओं के लिए एक राष्ट्रपति पुलिस पदक और सराहनीय सेवाओं के लिए चार पुलिस पदक आए हैं। इसके तहत स्टेट सी.आई.डी. के ए.डी.जी. एन. वेणुगोपाल को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है। इसके साथ ही एस.पी. स्टेट विजीलैंस ओमापति जम्वाल, एस.पी. वैल्फेयर भगत सिंह, सब इंस्पैक्टर पी.टी.सी. सतपाल और एच.एच.सी. प्रथम सशस्त्र वाहिनी जुन्गा राजेंद्र कुमार को सराहनीय सेवा पुलिस पदक के लिए चुना गया है। ए.डी.जी. वेणुगोपाल के पास सी.आई.डी. से पहले कानून व्यवस्था का जिम्मा था। प्रदेश में सामने आए बहुचर्चित फर्जी डिग्री मामले की जांच ए.डी.जी. वेणुगोपाल की देखरेख में ही अमल में लाई जा रही है। इसके साथ ही ओमापति जम्वाल विजीलैंस से पहले एस.पी. शिमला के पद पर कार्यरत थे। प्रदेश पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू सहित अन्य विभागीय अधिकारियों ने उक्त अवार्ड के लिए बधाई दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 5 अधिकारियों को अवार्ड मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

 

Kuldeep