ज्वालामुखी मंदिर ट्रस्ट के फंड का हुआ दुरुपयोग : धवाला

Friday, Feb 08, 2019 - 04:40 PM (IST)

शिमला (राक्टा): विधायक रमेश धवाला ने ज्वालामुखी मंदिर ट्रस्ट के फंड के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने चर्चा में भाग लेते हुए इस मुद्दे को सदन में जोर-शोर से उठाया और सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला विजीलैंस को सौंपा जाए। उन्होंने कहा कि वह पहले भी भ्रष्टाचार के खिलाफ  थे, आज भी हैं तथा आगे भी रहेंगे। धवाला ने कहा कि कहां क्या हो रहा है, वह दूरबीन से नजर रखते हैं तथा भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करते हैं। उन्होंने एक साल की उपलब्धियों के लिए जयराम सरकार की पीठ भी थपथपाई। धवाला ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरैंस की नीति लेकर चल रही है।

मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग

भ्रष्टाचार जहां भी हो कार्रवाई, होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पहले 10 लाख और अब 5 लाख तक के कार्यों के लिए ऑनलाइन निविदाएं आमंत्रित करती है मगर ज्वालामुखी मंदिर ट्रस्ट से खर्च की गई करीब 15 करोड़ रुपए की राशि के 2013-17 के दौरान ऑफ  लाइन टैंडर हुए। कालेज के एक ब्लॉक के निर्माण के लिए 5.77 करोड़ रुपए का टैंडर भी इसमें शामिल है। हैरानी की बात है कि टैंडर के लिए तकनीकी स्वीकृति भी नहीं मांगी गई। बाद में तकनीकी स्वीकृति 4.37 करोड़ रुपए की मिली। उन्होंने इस मामले में उच्च स्तरीय जांच की मांग की।

Kuldeep