Weather Updates: प्रदेश में साफ रहेगा मौसम, कई हिस्सों से विदा हो जाएगा मानसून

punjabkesari.in Sunday, Sep 21, 2025 - 07:49 PM (IST)

शिमला (संतोष): तीन माह में प्रदेश में भारी तबाही मचाने वाला मानसून अब शिथिल पड़ गया है और आगामी एक सप्ताह तक जहां मौसम साफ रहेगा, वहीं सोमवार को कई हिस्सों से मानसून विदा हो जाएगा। रविवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही और कुछ हिस्सों में बादल भी छाए रहे। बीते 24 घंटों में केवल कांगड़ा जिला के देहरा क्षेत्र में हल्की 1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। विभाग ने 22 और 23 सितम्बर को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। 24 और 25 सितम्बर को कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की आशा जताई है, जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ बना रहेगा। इसके बाद 26 और 27 सितम्बर को भी पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।

भूस्खलन की 148, फ्लैश फ्लड की 98 व बादल फटने की 47 घटनाओं से दहला हिमाचल
राज्य में इस बार का मानसून कहर बनकर टूटा। पिछले तीन महीनों के दौरान लगातार बारिश, बादल फटना, भूस्खलन और बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं ने प्रदेश को बुरी तरह प्रभावित किया। राज्य में भूस्खलन की 148, फ्लैश फ्लड की 98 व बादल फटने की 47 घटनाएं सामने आईं, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त रहा और भारी जान-माल की हानि हुई। इस मानसून सीजन में प्रदेश भर में विभिन्न हादसों में 448 लोगों की मौत हुई, 496 घायल और 47 लोग लापता हुए हैं। अब प्रदेश में मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, सरकार और प्रशासन के सामने बहाली और पुनर्निर्माण की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

दुश्वारियां अभी भी जारी, 2 एनएच और 371 संपर्क मार्ग बंद
बेशक मानसून धीमा पड़ गया है, लेकिन दुश्वारियां अभी भी जारी हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण अब भी 2 एन.एच. और 371 संपर्क मार्ग बाधित चल रहे हैं। कुल्लू व ऊना में दो एनएच बंद हैं, जबकि कुल्लू में 109, मंडी में 127 संपर्क मार्ग अवरुद्ध चल रहे हैं। राज्य में अधिकांश हिस्सों से ब्लैकआऊट हट गया है और अब मात्र 53 बिजली ट्रांसफार्मर ही बाधित हैं, जिसमें चम्बा में 21, कुल्लू में 16, मंडी में 14 ट्रांसफार्मर ठप्प हैं। राज्य में अब मात्र 73 पेयजल योजनाएं ही प्रभावित चल रही हैं, जबकि अन्य योजनाओं को बहाल कर दिया गया है।

प्राकृतिक आपदाओं ने न केवल लोगों की जान ली, अपितु हजारों को बेघर भी कर दिया। अब तक 1,691 मकान पूरी तरह से जमींदोज हो चुके हैं, जबकि 7,289 मकानों को आंशिक क्षति पहुंची है। राज्य में अब नुक्सान 4841.79 करोड़ रुपए से अधिक हो चुका है। सबसे अधिक क्षति लोक निर्माण विभाग की सड़कों और पुलों को हुई है, जिसे 2981.13 करोड़ रुपए का नुक्सान पहुंचा है। जलशक्ति विभाग को 1463.85 करोड़ रुपए और बिजली विभाग को 139.46 करोड़ रुपए की क्षति हुई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News