प्रदेश सरकार का केंद्र से पी.एम.जी.एस.वाई. परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह

Monday, Apr 17, 2023 - 08:13 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): प्रदेश सरकार ने केंद्र से हिमाचल के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पी.एम.जी.एस.वाई.) के तहत परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी देने का आग्रह किया है। साथ ही भारत माला परियोजना में हिमाचल की 9 और सड़कों को शामिल करने का अनुरोध किया है। नई दिल्ली दौरे पर गए लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह तथा सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की सचिव अलका उपाध्याय से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने उन्हें प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे कार्यों से अवगत करवाया। विक्रमादित्य सिंह ने केंद्रीय मंत्री को सूचित किया कि हिमाचल प्रदेश ने पी.एम.जी.एस.वाई. के तीसरे चरण के तहत 2813 करोड़ रुपए की कुल 2565 किलोमीटर लंबाई वाली 242 सड़कों की डी.पी.आर. जमा की है, इन्हें शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए।

उन्होंने कहा कि पी.एम.जी.एस.वाई. के तीसरे चरण के तहत राज्य के पास 3125 किलोमीटर का लक्ष्य है, जिसमें से 440 किलोमीटर को पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान बैच-1 के तहत पहले ही मंजूरी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य पी.एम.जी.एस.वाई. के माध्यम से ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने की ओर देख रहा है और केंद्र से समर्थन का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने मांगों को धैर्यपूर्वक सुना और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की सचिव अलका उपाध्याय से हिमाचल की 1254 किलोमीटर लम्बी 9 सड़कों को भारत माला परियोजना में शामिल करने का अनुरोध किया। उन्होंने प्रदेश की विभिन्न सड़कों की स्थिति एवं प्रगति के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

Content Writer

Kuldeep