शिमला में बर्फबारी ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, सभी स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

Wednesday, Feb 27, 2019 - 03:12 PM (IST)

शिमला (योगराज): राजधानी शिमला में एक बार फिर भारी बर्फबारी देखने को मिली है। मंगलवार देर रात शुरू हुई बर्फबारी बुधवार को भी जारी रही। जिसके चलते सभी स्कूल-कॉलेज में जिला प्रशासन शिमला ने 27 फरवरी को छुट्टी की घोषणा की है। वहीं खास बात यह है कि लोगों को फरवरी के अंतिम सप्ताह में भी बर्फ देखने को मिल रही है। प्रदेश के लोग एक बार फिर से कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गए हैं।

बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। कई जगहों में यातायात पूरी तरह से ठप है। जिला शिमला के ऊपरी क्षेत्रों का संपर्क राजधानी से कट गया है। ताजा बर्फबारी से सड़कों में बर्फ की परत जम गई है जिससे वाहनों को चलाने में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 28 फरवरी व 1 मार्च को मौसम साफ रहेगा। इसके बाद 2 और 3 मार्च को बारिश और हिमपात होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।


नारकंडा और खड़ा पत्थर में एक से डेढ़ फीट तक बर्फ गिर चुकी है जबकि अभी भी बर्फबारी का दौर जारी है। शिमला शहर में तकरीबन सभी सड़कें प्रशासन द्वारा खोल दी गई है जिला उपायुक्त अमित कश्यप ने कहा कि शहर में यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। सुबह से सड़कों से बर्फ हटा दी गई है। अस्पताल की सभी सड़कें खुली हैं। वहीं ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है। सड़कों से बर्फ हटाने के लिए मशीनरी तैनात कर दी गई है। जैसे ही बर्फ बंद होती है सड़कों से बर्फ हटा दी जाएगी। उन्होंने पर्यटकों से भी ऊपरी क्षेत्रों की तरफ न जाने को लेकर एडवाइजरी जारी की है और वाहनों को संभल कर चलने की हिदायत भी दी है।

Ekta