शानन प्रोजैक्ट को लेकर हिमाचल-पंजाब के बीच तनातनी के असार

Monday, Mar 04, 2024 - 10:24 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश के जोगिंद्रनगर में स्थित 110 मैगावाट क्षमता के शानन पावर प्रोजैक्ट को लेकर हिमाचल प्रदेश व पंजाब के बीच तनातनी के आसार बन गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार इस प्रोजैक्ट की लीज अवधि समाप्त होने के बाद इसे हिमाचल प्रदेश को सौंपे जाने का प्रयास कर रही है, वहीं पंजाब सरकार इसके लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख कर चुकी है। यानी पंजाब सरकार इस प्रोजैक्ट को आसानी से हिमाचल प्रदेश को सौंपने के लिए तैयार नहीं है। उल्लेखनीय है कि पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत शानन पावर प्रोजैक्ट पंजाब को लीज पर दिया गया था। वर्ष 1932 में बना यह प्रोजैक्ट हिमाचल प्रदेश की भूमि पर स्थापित है, लेकिन इसके बावजूद इसकी लीज पंजाब के नाम है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस विषय को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान व केंद्रीय ऊर्जा मंत्री से भी चर्चा कर चुके हैं। इसके बावजूद भी प्रोजैक्ट का आसानी से हस्तांतरण होता नजर नहीं आ रहा है।

केंद्र सरकार से प्रदेश को मिला पत्र
जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार की तरफ से हिमाचल प्रदेश सरकार को एक पत्र मिला है। इस पत्र में शानन प्रोजैक्ट को लेकर पंजाब सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही गई है। इसको देखते हुए अब राज्य सरकार इस मामले को लेकर विधि विशेषज्ञों की राय ले रही है, ताकि प्रोजैक्ट वापस लेने के लिए कोर्ट के समक्ष पैरवी को प्रभावी तरीके से किया जा सके।

Content Writer

Kuldeep