शिमला की गरिमा ने बढ़ाया मान, मिस इंडिया हिमाचल के खिताब पर जमाया कब्जा

Wednesday, Mar 13, 2019 - 03:54 PM (IST)

शिमला (योगराज): हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के ठियोग के गांव हलोठू की गरिमा वर्मा ने मिस इंडिया हिमाचल का खिताब जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। 5 मार्च को दिल्ली में हुई 7 राज्यों की कलर्स फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में सैंकड़ों प्रतिभागियों ने भाग लिया। हिमाचल प्रदेश से भी 30 लड़कियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया, जिसमें गरिमा वर्मा ने पहला स्थान हासिल कर मिस इंडिया हिमाचल का खिताब अपने नाम किया है।


गरिमा वर्मा ने बताया कि स्कूल टाइम से ही उनका इस क्षेत्र की तरफ लगाव था और समय-समय पर वह शिमला में भी इस तरह की प्रतियोगिता में भाग लिया करती थीं। अपनी कामयाबी का श्रेय अपने पिता सनाईक मस्त राम को देते हुए उन्होंने कहा कि सभी लड़कियों को अपने सपने पूरे करने चाहिए और माता-पिता को भी बेटी को बेटे के समान आगे बढऩे का मौका देना चाहिए। बेटियां आज हर क्षेत्र में लड़कों से भी आगे हैं।

मिस इंडिया कांटेस्ट की तैयारियों में जुटीं गरिमा

उन्होंने बताया कि मिस इंडिया हिमाचल का खिताब जीतने के बाद अब वह 15 जून को मुंबई में होने वाले मिस इंडिया कांटेस्ट की तैयारियों में जुट गई हंै। उन्होंने प्रदेश के लोगों के सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया और बेटियों को उनके सपने पूरे करने के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एम.कॉम की पढ़ाई की है और 2014 में मिस शिमला रनरअप भी रह चुकी हैं।

Vijay