राजा साहब अमर रहे के नारों से गूंजा शिमला, अंतिम दर्शनों को उमड़ा जनसैलाब

Friday, Jul 09, 2021 - 09:11 PM (IST)

शिमला (राक्टा): पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह के अंतिम दर्शनों के लिए शुक्रवार को शिमला में जनसैलाब उमड़ पड़ा। होलीलॉज से रिज और वहां से कांग्रेस कार्यालय तक जहां से भी वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह को ले जाया गया, प्रत्येक स्थान पर राजा साहब अमर रहे और जब तक सूरज-चांद रहेगा, वीरभद्र तेरा नाम रहेगा, के उद्घोषों की गूंज सुनाई दी। बड़ी संख्या में उमड़ी लोगों की भीड़ ने नम आंखों से अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि दी। प्रदेश की जनता के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे। जेपी नड्डा रिज मैदान पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी व पुत्र विक्रमादित्य सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्यों को सांत्वना दी।

राहुल गांधी ने राजीव भवन में अर्पित किए श्रद्धासुमन

इसके बाद वीरभद्र सिंह की पार्थिव देह को प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन ले जाया गया। यहां पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने वीरभद्र सिंह को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और छत्तीसगढ़ सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंह देव सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

विक्रमादित्य का हाथ पकड़कर वाहन तक ले गए राहुल गांधी

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से बाहर आने के बाद राहुल गांधी वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं विधायक विक्रमादित्य सिंह को हाथ पकड़कर उस वाहन तक ले गए, जिसमें पार्थिव देह को रखा गया था, ऐसे में एसपीजी ने राहुल गांधी को चारों तरफ से घेरकर वाहन तक पहुंचाया।

वीरभद्र सिंह से बहुत कुछ सीखने को मिला : नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वीरभद्र सिंह के निधन से प्रदेश को तो क्षति हुई है, साथ ही व्यक्तिगत तौर पर उन्हें भी क्षति हुई है। जब वह मुख्यमंत्री थे तो उस समय मैं विपक्ष का नेता था। उस दौरान उनसे काफी कुछ सीखने को भी मिला। वीरभद्र सिंह मेरे गाइड भी थे। 5 दिन पहले आईजीएमसीमें वीरभद्र सिंह सेे मिलने गया था। उस दौरान उनके स्वास्थ्य में सुधार भी हो रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था तथा काल ने उन्हें हम सबसे छीन लिया। उन्होंने कहा कि हमारे राजनीतिक विचार अलग-अलग थे, फिर भी उनके प्रति आदरभाव था।

सोनिया गांधी ने नामित किया 4 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीरभद्र सिंह के अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए अपना एक 4 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल नामित किया है। यह प्रतिनिधिमंडल शनिवार को रामपुर बुशहर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की तरफ से उनके अंतिम संस्कार में भाग लेगा और श्रद्धासुमन अर्पित करेगा। प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल, पार्टी के कोषाध्यक्ष पवन बंसल, कार्यसमिति सदस्य आनंद शर्मा और प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला शामिल हैं।

Content Writer

prashant sharma