राठौर का सीएम पर पलटवार, दिल्ली की तरह हिमाचल में होगी बीजेपी की हालत

Monday, Feb 17, 2020 - 07:17 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टी भाजपा की चिंता करनी चाहिए न कि कांग्रेस की। राठौर ने कहा है कि मुख्यमंत्री स्वयं पूरी सरकार के साथ एक हफ्ते से अधिक समय तक दिल्ली चुनाव में डटे रहे। बावजूद इसके उनकी पार्टी को करारी हार का मुंह देखना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपनी पूरी केंद्र की सरकार भाजपा के कई मुख्यमंत्री सहित पूरे नेताओं को इस चुनाव में लगाया था फिर भी वह अपनी पार्टी की सरकार दिल्ली में नहीं बना पाए।

भाजपा के झूठ और फर्जी आंकड़े का सबूत सामने आ गया है

इस दौरान राठौर ने कहा है कि इस समय भाजपा अपने आप को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी होने का दावा करती है और दिल्ली में ही वह अपने सदस्यों की संख्या 65 लाख से ऊपर बताती है। भाजपा के झूठ और फर्जी आंकड़े का सबूत सामने आ गया है कि उसे दिल्ली में केवल 35 लाख के आसपास ही वोट मिले। ऐसे में शेष 30 लाख के भाजपा के कथित सदस्य कहां गायब हो गए। भाजपा के झूठे दावे की पूरी पोल खुल गई है।

उन्हीं योजनाओं के उद्घाटन किए जा रहे जो पूर्व कांग्रेस सरकार ने शुरू किए थे

राठौर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार की गुटबंदी जग जाहिर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास कार्य ठप्प पड़े हैं। आज केवल उन्हीं योजनाओं के उद्घाटन किए जा रहे हैं जो पूर्व कांग्रेस सरकार ने शुरू किए थे। वर्तमान सरकार ने अपने इन 2 साल के कार्यकाल में ऐसा कोई भी विकास कार्य शुरू नहीं किया है, जिसे वह अपना नाम दे सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2022 के चुनावों में बीजेपी की हालत भी दिल्ली जैसे होने वाली है और प्रदेश में कांग्रेस एकजुट हैं और दोबारा सत्ता में काबिज होगी

Kuldeep