Shimla Rape Case : पीड़ित लड़की के पिता का Video Viral, पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

Friday, May 17, 2019 - 10:10 PM (IST)

शिमला: राजधानी के ढली में कथित दुष्कर्म मामले को लेकर पीड़िता के पिता का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। पीड़िता के पिता ने कहा है कि मेरी बेटी के साथ राजधानी शिमला में गलत हुआ है। पीड़िता के पिता ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के चलते पुलिस पर दबाव बनाया गया है तभी मामले को लेकर सही तरीके से कार्रवाई नहीं हो पा रही है। वायरल वीडियो में पिता का कहना है कि उसकी बेटी के साथ दिल्ली में निर्भया कांड जैसी घटना हुई है। पिता ने यह भी दावा किया है कि वह अभी चेहरा ढक कर बात कर रहे हैं और जल्द ही मुंह को ओपन कर इस मामले को मीडिया के सामने लाएंगे। आरोप है कि पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है। उनकी बेटी को ही प्रताडि़त किया है। पीड़िता के पिता का कहना है कि उनकी बेटी डिपै्रशन में चल रही है और खाना भी नहीं खा रही है।

देवभूमि में मेरी बेटी के साथ गलत हुआ

वायरल वीडियो में पिता ने कहा कि अपने बेटे और बेटी को यह सोचकर शिमला भेजा था कि हिमाचल देवभूमि है, यहां के लोगों का व्यवहार अच्छा है लेकिन देवभूमि में मेरी बेटी के साथ गलत हुआ है। युवती के पिता ने हिमाचल की जनता, सरकार व राजनीतिक दलों से गुहार लगाई है कि उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा है कि वह तब तक लड़ाई लड़ेंगे जब तक उनकी बेटी को न्याय नहीं मिलता है। यह घटना ढली में 28 अप्रैल को सामने आई थी। हालांकि मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस हरेक पहलू पर जांच कर रही है।

क्या कहती है पुलिस

पुलिस का कहना है कि लड़की का सही तरीके से मैडीकल हुआ है। इसके शरीर में कोई निशान नहीं था। जिस प्रकार से वीडियो में बताया जा रहा है कि लड़की कोमा में है और खाना नहीं खा रही है, यह सही नहीं हो सकता है। जब लड़की को उसके घर भेजा गया तो उसकी माता और उसकी बहन के साथ भेजा गया था। उस समय लड़की बिल्कुल ठीक थी और खुश थी। लड़की ने पुलिस को बयान दिया था और प्रार्थना की है कि मामले की सूचना उसके पिता को न दी जाए।

Vijay