प्रदेश में कोरोना से 5 व्यक्तियों की मौत, 175 पॉजिटिव

Monday, Oct 19, 2020 - 10:48 PM (IST)

शिमला: प्र्रदेश में आज कोरोना से 5 लोगों की मौत हुई है। आई.जी.एम.सी. में कोरोना से दो लोगों की मौत हुई है। इनमें एक व्यक्ति किन्नौैर और दूसरा सोलन जिला का रहने वाला था। इनमें 72 वर्षीय व्यक्ति सोलन के बद्दी का था और 12 अक्तूबर को इसे आई.जी.एम.सी. में भर्ती करवाया गया था। वहीं कल्पा किन्नौर के रहने वाले 86 वर्षीय व्यक्ति को भी 12 अक्तूबर को ही डी.डी.यू. अस्पताल शिमला रैफर किया गया था, जिसके बाद इसे आई.जी.एम.सी. ले जाया गया और इसकी मौत हो गई है। जिला कांगड़ा में भी कोरोना से एक और मरीज की मौत हो गई। नगरोटा बगवां के रजियाणा निवासी व्यक्ति ने टी.एम.सी. में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

 जिला मंडी में कोरोना संक्रमण से एक मौत हुई है। नेरचौक के नागचला वार्ड में रविवार देर रात कोरोना संक्रमित 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह मधुमेह की बीमारी से भी पीड़ित था। उसका पी.जी.आई. चंडीगढ़ से उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान कोरोना की चपेट में आ गया। गोविंद राम रविवार दोपहर बाद चंडीगढ़ से घर वापस लौटा था, देर रात उसकी मौत हो गई। एक मौत जिला चम्बा में दर्ज की गई है। भरमौर के पट्टी गांव निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद  कोविड अस्पताल चम्बा में भर्ती किया गया था। जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए टांडा रेफर किया गया, लेकिन टांडा ले जाते समय जोत के समीप उसने दम तोड़ दिया।  प्रदेश में कोरोना के 175 नए मामले आए हैं। संक्रमितों में बिलासपुर के 10, चम्बा 21, हमीरपुर 16, कांगड़ा 11, किन्नौर 2, कुल्लू 26, लाहुल-स्पीति 7, मंडी 36, शिमला 10 सोलन 4 और सिरमौर 24 और ऊना के 8 मरीज शामिल हैं।

Kuldeep