पालमपुर व मनाली में पी.पी.पी. मोड पर बनेगी फिल्म सिटी

Monday, Aug 26, 2019 - 05:00 PM (IST)

शिमला, (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश में 2 स्थानों पर फिल्म सिटीज बनाई जाएंगी। इसको लेकर प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। फिल्म सिटी निर्मित करने के लिए प्रदेश सरकार ने 2 स्थानों का चयन किया है। इसमें पालमपुर व मनाली शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने फिल्म सिटी बनाने के लिए निवेशकों को आमंत्रित भी किया है। पालमपुर व मनाली में प्रस्तावित फिल्म सिटी पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पी.पी.पी.) मोड पर बनाने की योजना है। प्रत्येक लोकेशन पर फिल्म सिटी बनाने के लिए 150-150 करोड़ रुपए की निवेश राशि प्रस्तावित की गई है। फिल्म सिटी मेें फिल्म प्रोडक्शन्स हाऊस को शूटिंग के लिए एक स्थान पर जरूरी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। फिल्म सिटी निर्मित होने पर एक छत के नीचे शूटिंग के लिए सभी सुविधाएं व उपकरण मिलेंगे।

सरकार इस दिशा में कदम आगे बढ़ा रही है

 हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी निर्मित करने के लिए यह प्रोजैक्ट पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पी.पी.पी.) मोड पर बिल्ड, आप्रेट व ट्रांसफर (बी.ओ.टी.) के आधार पर तैयार व फंडिड किया जाएगा। इस प्रोजैक्ट के लिए प्रदेश सरकार निजी निवेशक का चयन प्रतियोगी बिङ्क्षडग प्रक्रिया के जरिए करेगी और निजी निवेशक का चयन होने के बाद एग्रीमैंट भी होगा। इस दिशा में शुरू की गई कवायद के तहत अब आगामी नवम्बर माह में धर्मशाला में होने वाली ग्लोबल इन्वैस्टर मीट के दौरान इस योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा। पर्यटन विभाग ने राइजिंग हिमाचल इन्वैस्टमैंट वैबसाइट पर प्रस्ताव मांगे हैं। बताते हैं कि हिमाचल प्रदेश की फिल्म पॉलिसी-2019 अधिसूचित करने के बाद इस पॉलिसी के तहत हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी बनाने की भी योजना को शामिल किया गया था और अब सरकार इस दिशा में कदम आगे बढ़ा रही है।

फिल्म सिटी में ये मिलेंगी सुविधाएं

हिमाचल प्रदेश में फिल्म सिटी बनने पर यहां पर शूटिंग के लिए आने वाली फिल्म यूनिट्स को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। फिल्म यूनिट्स को आकर्षित करने के लिए यहां पर वे सभी उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे, जिसकी फिल्म यूनिट्स को जरूरत होती है। फिल्म सिटी में फिल्म व रिकॉर्डिंग स्टूडियो व प्रोसैसिंग लैब भी स्थापित होंगे। इसके अलावा फिङ्क्षल्मग उपकरण, वेयर हाऊस, वैनिटी व्हीकल्स, अस्थायी आधारभूत ढांचा आदि की सुविधा प्रदान की जाएगी।

हिमाचल में अब तक कई प्रसिद्ध बॉलीवुड फिल्मों की हो चुकी है शूटिंग

शिमला के अलावा कुल्लू, मनाली, डल्हौजी मैक्लोडगंज आदि कई पर्यटन स्थलों में बॉलीवुड की कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी हैं। इसमें मुख्य रूप से बैंग-बैंग, सलमान खान की ट्यूबलाइट, जब वी मैट, हाईवे, गदर, ब्लैक, थ्री इडियट्स आदि शामिल हैं। इसके अलावा कई वर्षों पूर्व भी कई यादगार फिल्मों की शूटिंग हिमाचल में हो चुकी हैं। बीते दिनों हिमाचल के विभिन्न स्थानों पर वैब सीरीज की शूटिंग का दौर जारी है।

Kuldeep