2.10 किलोग्राम अफीम संग पकड़े 2 बाइक सवार, पुलिस को चकमा देकर फरार

Monday, May 23, 2022 - 07:47 PM (IST)

शिमला (जस्टा): राजधानी की शोघी चैकपोस्ट पर पुलिस ने 2 युवकों को अफीम संग पकड़ा है, लेकिन दोनों युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। युवकों से पुलिस ने 2.10 किलोग्राम अफीम बरामद की है। यह कामयाबी पुलिस को ट्रैफिक चैकिंग के दौरान मिली। बताया जा रहा है कि जब पुलिस की टीम चैकपोस्ट पर वाहनों की चैकिंग कर रही थी, तभी सोलन की तरफ से एक बिना नंबर प्लेट की बाइक आई। तभी पुलिस ने उनकी चैकिंग तो अफीम बरामद हुई। इस दौरान उक्त युवक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस अब दोनों आरोपियों को ढूंढ रही है। हालांकि अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। यह मामला सोमवार सुबह 7.52 पर सामने आया है। पुलिस आरोपियों को जगह-जगह तलाश कर रही है। यहां सबसे बड़ी बात तो यह है कि अब नशीले पदार्थों की खेप ठिकाने लगाने के लिए तस्करों द्वारा बाइक के नंबर तक निकाले जा रहे हैं, ताकि पुलिस उन्हें पहचान न सके। पुलिस ने अफीम को अपने कब्जे में ले लिया है। आरोपियों को पकडऩे के बाद ही यह पता चल पाएगा कि वे अफीम कहां से लाए थे और किस जगह पर इसकी सप्लाई करनी थी। मामले को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

16.22 ग्राम चिट्टे के साथ दबोचे 2 युवक
उधर, ढली में पुलिस ने 2 युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा है। युवकों से पुलिस ने 16.22 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। युवकों की पहचान लोकिंद्र सिंह निवासी खनेरी रामपुर और अभिषेक मेहता निवासी धनवाली ननखड़ी के तौर पर हुई है। पुलिस को यह कामयाबी गश्त के दौरान मिली। पुलिस की टीम जब गश्त पर थी तो कार नंबर एच.पी. 06बी-3680 को चैकिंग के लिए रोका, तो कार में सवार 2 युवकों से चिट्टा बरामद हुआ। दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से पूछताछ जारी है और जल्द ही इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। वे चिट्टा कहां से लाए थे और किस जगह पर इसकी सप्लाई करनी थी, इसका पता लगाया जा रहा है।

कमल वर्मा डी.एस.पी. हैडक्वार्टर शिमला का कहना है कि पुलिस ने 2 युवकों से अफीम बरामद की है। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस इनका पता लगा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। ढली में चिट्टे के साथ 2 युवकों को गिरफ्तार किया गया है। नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Content Writer

Kuldeep