राष्ट्रीय लोक अदालत में 83,365 मामलों में से 34,098 का किया निवारण

Saturday, Mar 09, 2024 - 10:09 PM (IST)

शिमला (संतोष): प्रदेशभर में शनिवार को आयोजित हुई राष्ट्रीय लोक अदालत में 34,098 मामलों का मौके पर निवारण किया गया और इनमें 101 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति दावेदारों को वसूल करवाई गई। राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 83,365 मामलों की पहचान की गई थी, जिसका विभिन्न पीठों के माध्यम से निवारण किया गया। प्री-लिटिगेशन और लंबित मामलों के लिए हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक न्यायमूर्ति ममीदन्ना सत्य रतन रामचंद्र राव और प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान के मार्गदर्शन में इन राष्ट्रीय लोक अदालतों का आयोजन किया गया।

राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि ट्रैफिक मैजिस्ट्रेट के न्यायालयों में मोटर वाहन चालान के मामले में ई-पे (ई-कोर्ट डिजिटल भुगतान) के माध्यम से कंपाऊंडिंग शुल्क के भुगतान की ऑनलाइन सुविधा भी प्रदान की गई थी। राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में संदेश, जिंगल और आई.ई.सी. सामग्री के वितरण और स्थानीय निकायों के हितधारकों, गैर-सरकारी संगठनों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों, पैरा लीगल वाॅलंटियर्ज व सार्वजनिक परिवहन सेवाओं आदि के माध्यम से जनता को जागरूक किया गया।

Content Writer

Kuldeep