अब बन्दरों के आतंक से रिटायर्ड फौजी दिलाएंगे छुटकारा

Monday, Sep 09, 2019 - 08:06 PM (IST)

शिमला, (तिलक राज): शिमला शहर में लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुके बंदरों से अब रिटायर्ड फौजी छुटकारा दिलाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने वन विभाग के साथ मिलकर योजना बना दी है। नगर निगम और वन शहर में ऐसे स्थानों पर रिटायर्ड फौजियों की तैनाती कर रहा है, जहां बन्दर सबसे ज्यादा लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। नगर निगम ने सभी पार्षदों से ऐसी जगहों की सूची भी मांगी है जिसके बाद रिटायर्ड फौजियों की तैनाती की जाएगी। फौजी खूंखार बन्दरों को मारने के साथ ही लोगों को बन्दरों से बचाएंगे भी। नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट ने कहा कि शहर में बन्दरों का आतंक दिन व दिन बढ़ता जा रहा है और शहरवासी भी काफी परेशान हैं। बन्दरों को वर्मिंग घोषित कर दिया है। लेकिन धार्मिक भावनाओं के चलते इन बन्दरों को लोग नहीं मार रहे हैं। इन बन्दरों से छुटकारा दिलाने के लिए पार्षदों ने भी बैठक में मांग उठाई थी और वन विभाग के साथ मिलकर योजना बनाई गई है। शहर में उन जगहों पर रिटायर्ड फौजी तैनात करेंगे, जहां सबसे ज्यादा बन्दर लोगों को परेशान करते हैं। डी.एफ.ओ. ने भी इसकी सूची मांगी है और पार्षदों को भी जल्द सूची देने के निर्देश जारी किए हैं।

सरकार ने बन्दरों को वर्मिंन भी घोषित किया है

बता दें कि शिमला में बन्दरों से लोग परेशान हंै आए दिन बन्दरों के काटने के मामले सामने आ रहे हैं। सरकार ने बन्दरों को वर्मिंन भी घोषित किया है लेकिन लोग बन्दरों को नहीं मार रहे हैं। शहर में बन्दर जगह-जगह झुंडों में घूमते हंै और लोगों पर झपट पढ़ते हैं। खास कर बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों पर झपट पढ़ते हैं।

 

Kuldeep