सी.एम. की पहल पर मणिपुर के हिंसाग्रस्त क्षेत्र से 5 हिमाचली छात्र सुरक्षित निकाले

Monday, May 08, 2023 - 10:45 PM (IST)

शिमला (राक्टा): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल पर मणिपुर के हिंसाग्रस्त क्षेत्र में फंसे 5 हिमाचली छात्रों का रैस्क्यू किया गया है। मणिपुर में जारी तनाव के बीच वहां शिक्षा ग्रहण करने गए हिमाचल के कुछ बच्चों ने बीते दिन मुख्यमंत्री को संदेश भेजकर उन्हें वहां से सुरक्षित वापसी (रैस्क्यू) की गुहार लगाई थी। ऐसे में मुख्यमंत्री की पहल के बाद एक विशेष अभियान के तहत 5 छात्रों को इम्फाल के पूर्वी क्षेत्र से रैस्क्यू किया गया, जिनमें एक छात्रा भी शामिल है। सुरक्षित निकाले गए 3 छात्र राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एन.आई.टी) जबकि दो नैशनल स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मणिपुर के विद्यार्थी हैं। इनमें सिमरन, सुजल कौंडल व अश्वनी कुमार मंडी जिला, नवांग छेहिंग कुल्लू और केशव सिंह हमीरपुर जिला से संबंध रखते हैं। रैस्क्यू अभियान के दौरान मुख्यमंत्री व्यक्तिगत तौर पर समय-समय पर अधिकारियों से बचाव अभियान के बारे में जानकारी प्राप्त करते रहे। बताते हैं कि इन छात्रों को मणिपुर से बाहर निकालने में सबसे बड़ी बाधा इम्फाल से हवाई सेवाओं में सीट की अनुपलब्धता थी, ऐसे में मुख्यमंत्री के आदेश पर अधिकारियों ने इंडिगो से विशेष विमान चलाने का अनुरोध किया और सोमवार सुबह 8:20 बजे उन्हें लेकर इम्फाल से इस विमान ने उड़ान भरी। मुख्यमंत्री सुक्खू के निर्देश पर अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस और सेना से तत्काल संपर्क कर बच्चों को हिंसाग्रस्त क्षेत्र से सुरक्षित एयरपोर्ट तक पहुंचाने के लिए मदद मांगी और सेना ने सुबह करीब 5 बजे बच्चों को इम्फाल एयरपोर्ट पर पहुंचाया। वहां से यह बच्चे सोमवार को सुबह के समय कोलकाता एयरपोर्ट पर पहुंच गए।

60 हजार रुपए की वित्तीय सहायता प्रदान की
रैस्क्यू किए गए सभी छात्रों ने संकट की घड़ी में मदद करने के लिए राज्य सरकार और विशेष तौर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया है। मुख्यमंत्री ने न सिर्फ बच्चों की अपील पर यह अभियान शुरू किया, बल्कि उनको सुरक्षित निकालने के लिए व्यक्तिगत तौर पर लगभग 60 हजार रुपए की तत्काल वित्तीय सहायता भी प्रदान की।

क्या बोले, मुख्यमंत्री सुक्खू
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि बच्चों ने ङ्क्षहसाग्रस्त मणिपुर से उन्हें बाहर निकलने में मदद मांगी थी। उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मणिपुर से अन्य हिमाचलियों को भी सुरक्षित वापस लाने के लिए दूरभाष नंबर जारी किए हैं। इच्छुक व्यक्ति सहायता के लिए टैलीफोन नंबर 89883-41921, 0177-2929688, 0177-2629439 पर संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उन्हें हर संभव मदद प्रदान करेगी।

संकटमोचन के रूप में उभर कर आए सामने : नरेश चौहान
सी.एम. के प्रधान सलाहकार मीडिया नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री एक बार फिर संकटमोचन के रूप में उभर कर सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा सहायता मांगे जाने पर सी.एम. ने तत्काल उचित कदम उठाए और 5 छात्रों का रैस्क्यू सुनिश्चित किया। 

Content Writer

Kuldeep