नड्डा-अनुराग ने थपथपाई जयराम की पीठ

Monday, Jan 25, 2021 - 08:30 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्ण राज्यत्व स्वर्ण जयंती समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और केंद्रीय वित्त एवं कार्पाेरेट मामले राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पीठ थपथपाई। इस तरह मंच पर बैठे सभी नेताओं ने एकजुटता का संदेश देने का प्रयास किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने प्रदेश के हकों की लड़ाई लडऩे के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया। इतना ही नहीं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने बार-बार मुख्यमंत्री के कामकाज की सराहना करते हुए उन्हें बड़ा भाई कहकर संबोधित किया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी नड्डा और अनुराग के कामकाज की सराहना की। उनका कहना था कि नड्डा ने अपने सशक्त नेतृत्व से विश्व के सबसे बड़े दल को संभाला है, जिसकी जितनी तारीफ की जाए, वह कम है यानी कुल मिलाकर केंद्रीय एवं प्रदेश के नेताओं ने मंच से एकजुटता से काम करने का संदेश दिया।

खन्ना, टंडन, कश्यप व अग्रिहोत्री सहित अन्य नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह-प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे। प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक, विभिन्न निगमों व बोर्डों के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल एवं उप-महापौर शैलेंद्र चौहान के अलावा मुख्य सचिव अनिल खाची व पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू सहित प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न वर्गों के लोग भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Kuldeep