जयराम बने नेता प्रतिपक्ष, विधानसभा की ओर से अधिसूचना जारी

Monday, Dec 26, 2022 - 06:38 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को भाजपा विधायक दल की तरफ से नेता प्रतिपक्ष चुने जाने के बाद विधानसभा की ओर से उनकी नियुक्ति को लेकर अधिसूचना जारी कर दी गई है। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा की ओर से जारी इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि प्रोटैम स्पीकर चंद्र कुमार की ओर से इसकी संस्तुति प्रदान कर दी गई है। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शिमला लौटने के बाद सरकार शीतकालीन सत्र की तैयारियों में जुट गई है। इसका आयोजन नए साल के पहले सप्ताह में होगा। शीतकालीन सत्र की अवधि 3 दिन रहने की संभावना है, जिसमें पहले दिन नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। सत्र के दूसरे दिन विधानसभा अध्यक्ष पद व उपाध्यक्ष का चयन होने की संभावना है, जिसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा। 

सत्र के अंतिम दिन शासकीय विधायी कार्य होगा तथा राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का प्रस्तुतिकरण, चर्चा एवं पारण होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में बनी प्रदेश कांग्रेस सरकार मंत्रिमंडल के सदस्यों की शपथ होगी। मंत्रिमंडल में सदस्यों को शामिल करना मुख्यमंत्री का विशेष क्षेत्राधिकार है, लेकिन इसको लेकर सुखविंदर सिंह सुक्खू पार्टी आलाकमान से चर्चा कर चुके हैं। यानि अब यह तय हो गया है कि कौन विधानसभा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनेंगे तथा किसको मंत्रिमंडल में स्थान मिलेगा। 

विधानसभा सचिवालय स्तर पर तैयारियां जारी
14वीं विधानसभा के पहले शीतकालीन सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। विधानसभा सदन के नेता के रूप में यानि मुख्यमंत्री इस बार सुखदर सिंह सुक्खू नजर आएंगे तथा पहली बार उपमुख्यमंत्री बनाए जाने से उनके लिए भी अलग व्यवस्था की जाएगी। इसी तरह नेता प्रतिपक्ष की भूमिका में अब जयराम ठाकुर होंगे। विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री कमरे के अलावा नेता प्रतिपक्ष के लिए अलग कमरे होंगे।

Content Writer

Kuldeep