मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार फिर जाएंगे नई दिल्ली

Monday, Sep 13, 2021 - 09:38 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर एक बार फिर नई दिल्ली जा रहे हैं। वह मंगलवार सुबह 9.30 बजे नई दिल्ली जाएंगे तथा बुधवार (15 सितम्बर) को दोपहर 12.30 बजे तक उनके वापस शिमला पहुंचने की संभावना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार उनके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सहित अन्य केंद्रीय नेताओं से मंत्रणा करने की संभावना है। हालांकि इससे पहले उनकी गत 8 सितम्बर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात हुई थी लेकिन सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा नहीं हो पाई थी। ऐसे में अब जबकि प्रदेश में भाजपा के सत्ता में आए करीब 4 साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है तो पार्टी आलाकमान सरकारी कामकाज की गहनता से पड़ताल करना चाहता है।

इसमें मुख्यमंत्री से लेकर प्रत्येक मंत्री के रिपोर्ट कार्ड का आकलन किया जाएगा। पार्टी को ऐसे में यदि लगता है कि किसी स्तर पर चूक हुई है तो उस स्थिति में सुधार के विकल्प को सुझाया जाएगा। इस दौरे के दौरान प्रमुख रूप से मंडी संसदीय क्षेत्र के अलावा अर्की, जुब्बल कोटखाई और फतेहपुर में विधानसभा उपचुनाव को लेकर चर्चा होगी। हालांकि कोरोना संक्रमण, बरसात और त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए फिलहाल उपचुनावों को स्थगित किया गया है। इस कारण अब उपचुनाव दीपावली के बाद हो सकते हैं। इसके बावजूद यदि किसी कारणवश राज्य सरकार का कार्यकाल 1 साल से कम रहने से पहले उपचुनाव नहीं हो पाते तो वर्ष 1951 के जनप्रतिनिधि कानून के प्रावधानों के अनुसार इसको टाला भी जा सकता है।

Content Writer

Kuldeep