हिमाचल मेें 27 जून तक दस्तक देगा मानसून

Monday, Jun 20, 2022 - 10:24 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश में 27 जून तक मानसून दस्तक दे सकता है। आमतौर पर मानसून हिमाचल में 20 से 25 जून के बीच तक पहुंचता है लेकिन इस बार 26 या 27 जून को मानसून के हिमाचल में आने के आसार हंै। ऐसे में इस बार सामान्य से एक-दो दिन देरी से आया आएगा। पिछली बार हिमाचल में मानसून 7 दिन पहले आ गया था। फिलहाल हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून की बौछारों का दौर जारी है। प्रदेश में सोमवार को प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा, वहीं ऊपर शिमला के कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई है। ओलावृष्टि से सेब की फसल को भारी नुक्सान हुआ है। हिमाचल के अप्पर शिमला में सोमवार को ओलावृष्टि ने कहर बरपाया है। सेब की तैयार फ सल को इससे काफी नुक्सान हुआ है। कुफ री, फ ागू, नंगलदेवी व भेखलटी इत्यादि क्षेत्रों में ज्यादा नुक्सान हुआ है। ओलावृष्टि के कारण सेब के साथ-साथ एंटी हेलनैट को भी काफी नुक्सान हुआ है। नैट पर ओलों के जमने के बाद हेलनैट फ ट गए हैं। इसी तरह ओलावृष्टि से सेब के पौधों की टहनियां भी टूट गई हैं। अन्य क्षेत्रों में बागवानों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि  विभाग ने मंगलवार को भी प्रदेश में बारिश को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में तेज बारिश के साथ-साथ ओलावृष्टि व तेज आंधी आने के आसार हैं। बुधवार से 24 जून तक प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हंै। इसके बाद प्रदेश में मानूसन सीजन शुरू हो जाएगा।

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज
सोमवार को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार रोहड़ू में 11, शिलारू में 10, रामपुर में 9, सांगला में 7, कुमारसैन, टिंडर, ठियोग और नाकंडा में 5, कोटखाई और सराहन में 3 तथा कल्पा में 2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

यह रहा तापमान, ऊना में 35 डिग्री तापमान
प्रदेश में सोमवार को सबसे ज्यादा तापमान ऊना जिला में दर्ज किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद राजधानी शिमला में 22.3 डिग्री सैल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। इसी तरह सुंदरनगर में 31.5, भुंतर में 31, कल्पा में 21.4, धर्मशाला में 27.5, नाहन में 28.1, केलांग में 16.7, पालमपुर में 25.2, सोलन में 28, मनाली में 23, कांगड़ा में 29.9, मंडी में 32, बिलासपुर 32, हमीरपुर 30.5, चम्बा में 29.4, डल्हौजी में 19.8 और कुफ री में 16 डिग्री सैल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।

Content Writer

Kuldeep