हिमाचल में कम बरसा मानसून, नुक्सान फिर भी ज्यादा

Monday, Sep 05, 2022 - 08:57 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में वर्ष 2018 के बाद मानसून सीजन में लगातार सामान्य से कम बारिश हुई है। इस मानसून सीजन में भी अब तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2018 में सामान्य से 17 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई थी। इसके बाद लगातार सामान्य से कम बारिश हुई है। वर्ष 2019 में सामान्य से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। 2020 में सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश हुई। वर्ष 2021 में सामान्य से 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है और इस मानसून सीजन में अभी तक सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। वहीं दूसरी ओर पिछले चार सालों में सबसे ज्यादा नुक्सान देखने को मिला है। वर्ष 2018 में जहां सबसे ज्यादा 1578 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ था, तो वहीं इस बार अभी तक 1915 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है। राज्य आपदा प्रबंधन के रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश शिमला-कुल्लू जिले में दर्ज की गई है। शिमला और कुल्लू जिलों में सामान्य से 35 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इसके अलावा बिलासपुर जिले में सामान्य से 16 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। वहीं लाहौल-स्पीति में सबसे कम बारिश हुई है। यहां पर सामान्य से 66 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। किन्नौर-सिरमौर जिलों में सामान्य से 29 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

प्रदेश में यैलो अलर्ट हटा लेकिन बारिश रहेगी जारी
हिमाचल में भारी बारिश को लेकर जारी किया गया यैलो अलर्ट अब हट चुका है। लेकिन प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि प्रदेश में कल से 9 सितम्बर तक मौसम साफ  रहेगा। हालांकि प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश की हल्की बौछारें गिर सकती हैं। हालांकि सोमवार को भी मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया था कि प्रदेश के चार जिलों में भारी बारिश हो सकती है लेकिन इस बार मौसम विभाग का पूर्वानुमान खाली ही रहा।

Content Writer

Kuldeep