हिमाचल में 2 दिन अंधड़ के साथ ओलावृष्टि का यैलो और ऑरेंज अलर्ट

Monday, Mar 02, 2020 - 11:13 PM (IST)

शिमला (राजेश): प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मार्च के महीने में भी लोगों को ठिठुरन से निजात नहीं मिल सकेगी। मौसम विभाग ने 4 से 7 मार्च तक प्रदेश में बारिश व बर्फ बारी का दौर चलने का अनुमान जताया है। प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय इलाकों में 5 व 6 मार्च को अंधड़ चलने व ओलावृष्टि होने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 5 मार्च के लिए यैलो व 6 मार्च के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन दो दिनों में 30 व 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा है। मनमोहन सिंह ने कहा कि यह चेतावनी किन्नौर व लाहौल-स्पीति जिलों को छोड़कर प्रदेश के सभी क्षेत्रों के लिए है। इस दौरान बिजली कड़कड़ाने के भी आसार हैं और लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। आगामी 7 मार्च तक प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं वर्षा व हिमपात के भी आसार हैं।

केलांग सबसे ठंडा स्थल रहा

सोमवार को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में मौसम साफ  बना रहा। हालांकि पहाड़ी इलाकों में रात के तापमान में गिरावट के चलते ठंड का दौर जारी है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों में सोमवार को न्यूनतम तापमान माइनस में रिकॉर्ड किया गया। लाहौल-स्पीति का केलांग सबसे ठंडा स्थल रहा। वहां न्यूनतम तापमान -6.8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले चार माह से केलांग में पारा माइनस में चल रहा है और इलाके में प्राकृतिक स्त्रोतों का पानी जम गया है। किन्नौर के कल्पा और कुल्लू के विख्यात पर्यटन स्थल मनाली में न्यूनतम तापमान -0.4 डिग्री सैल्सियस रहा। इसके अलावा मशोबरा में 2.3, कुफरी में 3.1, सियोबाग में 3.8, डल्हौजी में 4.8, सोलन में 5.2, शिमला व भुंतर में 5.7, चम्बा में 6.5, सुंदरनगर में 6.8, धर्मशाला में 7.2 और कांगड़ा में 8 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Kuldeep