हिमाचल में सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन, माइनस में 7 शहरों का तापमान

Monday, Feb 13, 2023 - 10:18 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद प्रदेश में सर्द हवाएं चल रही हैं। स्थिति यह है कि प्रदेश के 7 शहरों का तापमान माइनस में चला गया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार केलांग का न्यूनतम तापमान -13.2 डिग्री सैल्सियस तक गिर गया, वहीं लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान -12.1 डिग्री, कल्पा -3 डिग्री, मनाली -2 डिग्री, कुफ री -2.6 डिग्री, सियोबाग -0.3 डिग्री और नारकंडा का तापमान -4 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। शिमला सहित कुल्लू, चम्बा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कांगड़ा के ऊंचे क्षेत्रों में ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

बीते 24 घंटे के दौरान सुंदरनगर के न्यूनतम तापमान में 4.8 डिग्री, पालमपुर के 4.6 डिग्री और हमीरपुर के तापमान में 5.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 4 दिन मौसम साफ  रहेगा। 17 फ रवरी से मौसम फिर करवट बदलेगा और प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी होने के दोबारा आसार बन रहे हैं। वहीं प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी के कारण 181 सड़कें बंद हैं और 127 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप्प पड़े हुए हैं। वहीं 10 पेयजल परियोजनाएं भी ठप्प पड़ी हुई हैं।

Content Writer

Kuldeep