पिंजौर-परवाणु हाईवे पर सड़े सेबों की दुर्गंध से यात्रियों को हो रही परेशानी पर हाईकोर्ट ने लिया संज्ञान

Monday, Nov 14, 2022 - 09:58 PM (IST)

शिमला (मनोहर): पिंजौर-परवाणु हाईवे पर सड़े सेबों की दुर्गंध से यात्रियों को हो रही परेशानी पर हाईकोर्ट ने संज्ञान लिया है। मुख्य न्यायाधीश ए.ए. सैयद और न्यायाधीश ज्योत्सना रिवाल दुआ की खंडपीठ ने मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामले में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एच.पी.एम.सी. और उपायुक्त सोलन को प्रतिवादी बनाया है। एक दैनिक समाचार में प्रकाशित खबर के अनुसार राज्य में प्रवेश करने वाले पर्यटकों को नैशनल हाईवे पिंजौर-परवाणु के किनारे खड़े सेबों से लदे ट्रकों से निकलने वाली बदबू का सामना करना पड़ रहा है।

बाजार हस्तक्षेप योजना के तहत खरीद की प्रतीक्षा में, यात्री राजमार्ग के किनारे लगे बोरियों में सेब लदे ट्रकों को देखा जा सकता है। गुणवत्ता वाले सेब को बाजार में बेचा जाता है, शेष को बोरियों में भरा जाता है और खरीद के लिए परवाणु पहुंचाया जाता है। फल की खरीद करने वाले ठेकेदारों को एच.पी.एम.सी. और हिमफैड की ओर से काम सौंपा जाता है। कई बार ट्रक वालों को खरीद के लिए कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है और अधिक तापमान के कारण सेब सडऩे लगते हैं। हिमाचल आने वाले पर्यटकों का इस दुर्गंध के साथ राज्य में स्वागत होता है। जबकि एच.पी.एम.सी. के अधिकारी ट्रकों की कमी की दलील देते हैं।

Content Writer

Kuldeep