फेसबुक से की महिला के साथ जर्मनी व्यक्ति ने 10 लाख की ठगी

Thursday, Feb 07, 2019 - 11:45 PM (IST)

शिमला (राजेश): फेसबुक अब लोगों को ठगने का भी जरिया बन गई है। राजधानी शिमला में जर्मनी से एक व्यक्ति द्वारा छोटा शिमला में रहने वाली एक महिला के साथ फेसबुक पर 10,35,200 रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महिला ने जर्मनी के एक व्यक्ति द्वारा उसे महंगे गिफ्ट देने की एवज में 10 लाख रुपए की राशि टैक्स के तौर पर जमा करवाने को कहा। महिला द्वारा जर्मन व्यक्ति के बैंक अकाऊंट में पैसे जमा करवाने के बाद व्यक्ति से बातचीत बंद हो गई तो ऐसे में महिला ने स्थानीय छोटा शिमला थाना में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करवाई।

महिला एक गृहिणी है और एक अच्छे घर से संबंध रखती है

महिला एक गृहिणी है और एक अच्छे घर से संबंध रखती है। वह कैसे जर्मनी के एक व्यक्ति के जाल में फंस गई और इतनी बड़़ी राशि उसके अकाऊंट में ट्रांसफर कर दी, इसे लेकर पुलिस भी हैरान है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया और महिला द्वारा जर्मनी के व्यक्ति की डिटेल पर छानबीन शुरू कर दी है, वहीं इसकी जानकारी साइबर क्राइम को भी देकर मामले की सही तरीके से छानबीन करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। पुलिस की प्राथमिक जांच व महिला की शिकायत से मिली जानकारी के अनुसार ठगी की वारदात बहुत ही रोचक भी है और हैरान करने वाली भी है। महिला को एक माह पहले यानी 10 जनवरी को फेसबुक पर जर्मनी से डेनिल नामक व्यक्ति की फ्रैंड रिक्वैस्ट आई थी, जिसे महिला ने एक्सैप्ट कर लिया। ऐसे में दोनों में बातचीत शुरू हो गई।

व्हाट्स एप नंबर पर बैंक अकाऊंट डिटेल भेजी

यह बातचीत दोस्ती में बदल गई। जिसके बाद महिला व व्यक्ति ने दोनों में अपने मोबाइल नंबर भी आपस में एक-दूसरे को दे दिए। जिसके बाद इनकी बातचीत व्हाट्स एप पर होने लगी। दोनों की दोस्ती इतनी बढ़ गई कि जर्मनी के व्यक्ति ने उसे महंगा गिफ्ट देने के लिए कहा। लेकिन गिफ्ट देने से पहले यह कहा कि जर्मनी से शिमला तक महंगा गिफ्ट आने में 10 लाख रुपए तक टैक्स अदा करना होगा। इस पर व्यक्ति ने व्हाट्स एप नंबर पर बैंक अकाऊंट डिटेल भेजी, जिसमें पैसे जमा करवाने को कहा। ऐसे में महिला ने यह राशि जमा करवा दी लेकिन बाद में न गिफ्ट आया और न ही व्यक्ति से बात हुई। डी.एस.पी. हैडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला जर्मनी से एक व्यक्ति ने शिमला की महिला के साथ फेसबुक पर महंगे गिफ्ट देने के नाम पर ठगी की है। महिला की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

 

Kuldeep