चुनाव घोषणा के बाद फर्जी वोट बनाने को लेकर सियासत गरमाई

Monday, Apr 10, 2023 - 05:09 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): नगर निगम चुनाव की घोषणा के बाद फर्जी वोट बनाए जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। राज्य में प्रमुख विपक्षी दल एवं निगम की सत्ता पर काबिज रही भाजपा इसकी शिकायत करने के लिए सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप एवं चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी के नेतृत्व में राज्य चुनाव आयुक्त कार्यालय पहुंची। भाजपा की तरफ से इस दौरान राज्य चुनाव आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें कांग्रेस पार्टी पर फर्जी वोट बनाए जाने के आरोप लगाए गए। भाजपा का आरोप था कि कांग्रेस नेता सत्ता का दुरुपयोग करते हुए एक घर में 18 से 20 वोट फर्जी बनाने का प्रयास कर रहे हंै। ऐसा करके कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।

सुरेश कश्यप ने आरोप लगाया कि पार्टी के ध्यान में आया है कि उपमुख्यमंत्री से लेकर सरकार के कुछ मंत्रियों के घरों में बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैनमोर वार्ड में भी एक ही कमरे में 18 से 20 लोगों की तरफ से वोट बनाने के लिए आवेदन किए जा रहे हैं। इस तरह की घटनाएं अन्य वार्डों में सामने आ रही हंै। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले राज्य सरकार ने नगर निगम चुनाव को लेकर जो रोस्टर जारी किया है, वह भी न्याय संगत नहीं है। उन्होंने कहा कि भट्टाकुफर में तो भाजपा कार्यकत्र्ताओं के वोट का आवेदन तक नहीं ले रहे हैं, जबकि दूसरी ओर कांग्रेस नेता बड़े स्तर पर वोट बना रहे हैं।

भाजपा को फिर सता रहा हार का डर : सुशांत
नगर निगम के लिए गठित कांग्रेस की मीडिया एवं सोशल मीडिया कमेटी के सदस्य सुशांत कपरेट ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा को फिर से हार का डर सता रहा है। इसे देखते हुए भाजपा चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने के लिए फर्जी वोट बनाने की राजनीति कर रही है।

लोकतंत्र में सबको वोट देने का अधिकार : विजेंद्र
माकपा राज्य कमेटी के सदस्य विजेंद्र मेहरा ने कहा कि लोकतंत्र में सबको वोट देने का अधिकार है। यदि किसी स्तर पर गलत तरीके से वोट बन रहे हैं तो बी.एल.ओ. एवं निर्वाचन अधिकारी उसके ऊपर कार्रवाई कर सकते हैं। सिर्फ राजनीति के लिए बेवजह फर्जी वोट बनाने के आरोप लगाना गलत है।

विधानसभा चुनाव लड़े प्रत्याशी का नाम मतदाता सूची से हटाया : सुरजीत
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने कहा कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से आप के टिकट पर चुनाव लडऩे वाले डा. राजेश चानना का नाम ही इस बार मतदाता सूची से काट दिया गया था, जिसे बाद में दुरुस्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस दोनों अपने स्तर पर फर्जी वोट बनाने का प्रयास कर रही हैं।

Content Writer

Kuldeep