एच.आर.टी.सी. को मिले 359 नए चालक, भर्ती परिणाम घोषित

Monday, Feb 15, 2021 - 09:20 PM (IST)

शिमला (राजेश): एच.आर.टी.सी. को 359 नए चालक मिले हैं। निगम प्रबंधन ने निगम में 400 चालकों के पदों पर भर्ती का परिणाम घोषित कर दिया है। दो चरणों में हुई भर्ती प्रक्रिया में निगम प्रबंधन ने 359 उम्मीदवारों का चयन चालक पद पर मैरिट के आधार पर किया है।

एच.आर.टी.सी. मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार भर्ती परिणाम में सामान्य श्रेणी के 160, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 51, अनुसूचित  जाति के 88, अनुसूचित जनजाति के 18 और अन्य पिछड़ा वर्ग के 42 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

निर्धारित 400 चालक भर्ती प्रक्रिया में 41 पद रिक्त रह गए हैं। ये पद संबंधित श्रेणियों में उत्तीर्ण उम्मीदवारों की उपलब्धता न होने के कारण खाली रह गए हैं। जल्द ही इन पदों पर भी निगम प्रबंधन निर्णय लेने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगा।

 भर्ती परिणाम घोषित करने के तहत निगम को नए 359 चालक मिले हैं। निगम प्रबंधन द्वारा 400 चालकों की भर्ती प्रक्रिया कोरोना काल से पहले जनवरी 2020 में शुरू की गई थी और कोरोना संकट काल शुरू  होने से यह भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी, लेकिन कोरोना काल के बाद भर्ती प्रक्रिया पूरी कर निगम को नए चालक मिले हैं।

निगम से अनुसार  प्रारंभिक ड्राइविंग टैस्ट प्रक्रिया के बाद मुख्य ड्राइविंग टैस्ट प्रक्रिया 1 से 29 जनवरी तक तारादेवी कर्मशाला शिमला में आयोजित की गई थी, जिसमें उम्मीदवारों का चयन किया है। चयनित चालकों की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनको बसों में नियुक्ति दी जाएगी।

एच.आर.टी.सी. में चालकों की कमी होगी पूरी
निगम को 359 नए चालक मिलने से निगम में चालकों की कमी पूरी होगी। निगम में चालकों की कमी के चलते चालकों को ओवर टाइम करना पड़ता है। वहीं निगम की कई बसें चालकों की कमी के कारण प्रदेश के विभिन्न डिपुओं में खड़ी धूल फांक रही हैं।

ऐसे में ये बसें भी सड़कों पर दौड़ेंगी, वहीं विभिन्न शहरों के लोकल डिपुओं में चल रही चालकों की कमी भी पूरी होगी। निगम के पास मौजूदा समय में 4 हजार चालक हैं, जिनकी संख्या आगामी समय में 4359 हो जाएगी।

एच.आर.टी.सी. एम.डी. संदीप कुमार का कहना है कि एच.आर.टी.सी. में पिछले एक साल से चल रही 400 चालक पद भर्ती प्रक्रिया पूरी कर अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है, जिसमें 359 उम्मीदवारों का चयन किया है। चयनित उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची निगम की वैबसाइट पर भी उपलब्ध करवा दी है।

 

Content Writer

Kuldeep