दलाईलामा की जासूसी में पकड़े व्यक्ति का हिमाचल से कनैक्शन

Monday, Aug 24, 2020 - 10:19 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): मनी लॉन्ड्रिंग व बौद्ध धर्मगुरु दलाईलामा की जासूसी के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति का हिमाचल प्रदेश से कनैक्शन सामने आया है। पुलिस की तरफ से इसकी जानकारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को दी गई है। मुख्यमंत्री ने इस मामले को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार दलाईलामा की सुरक्षा में किसी तरह की ढील नहीं देगी। उन्होंने कहा कि आरोपी व्यक्ति चार्ली से जुड़े 2 लोग पुलिस ने डिटेन किए हैं, जिनसे पूछताछ जारी है। इनमें से एक चीनी महिला है और दूसरे व्यक्ति का नाम सोनम वांगचू बताया जा रहा है। प्रदेश पुलिस की तरफ से इस मामले की पूरी जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को दे दी गई है। मुख्यमंत्री ने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में कहा कि राशन के नाम पर अफसरों के फर्जीवाड़े का यदि कोई मामला सामने आएगा तो उस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले में वस्तुस्थिति का पता लगाएगी।

मंत्री से संबंधित शिकायत की हो रही पड़ताल
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि प्रदेश के 1 मंत्री से संबंधित जो शिकायत मिली है, उसकी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना जांच के किसी तथ्य पर पहुंचना सही नहीं है।

दिल्ली से आए मंत्री सी.एम. से मिले
प्रदेश सरकार के 2 वरिष्ठ मंत्रियों महेंद्र सिंह और सरवीण चौधरी ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से नई दिल्ली से लौटने के बाद मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार दोनों मंत्रियों ने केंद्रीय नेताओं से हुई मुलाकात के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया है।

Kuldeep