Himachal: साइबर पुलिस की राडार में कई चेहरे, बाहरी राज्यों में दबिश

punjabkesari.in Sunday, Jun 22, 2025 - 05:01 PM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक का सर्वर हैक कर 11.55 करोड़ रुपए अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने से जुड़े मामले में साइबर पुलिस के राडार में कई चेहरे चल रहे हैं। ऐसे में आरोपियों की धरपकड़ को लेकर विभिन्न राज्यों में दबिश का दौर जारी है। इसी कड़ी में रविवार को महाराष्ट्र (मुंबई) व राजस्थान में दबिश दिए जाने की सूचना है। हालांकि जांच चली होने के चलते अभी अधिकारी कुछ भी खुलासा नहीं कर रहे हैं। बीते दिनों भी महाराष्ट्र के मुंबई से एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। इस मामले में जल्द ही कुछ गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

अब तक की जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर मामले के तार 4 राज्यों महाराष्ट्र (मुंबई), राजस्थान, दिल्ली और यूपी से जुड़ चुके हैं और करीब 4-5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। साइबर पुलिस ने जिन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, उनके खातों में 16 से 49 लाख रुपए की ट्रांजैक्शन हुई है। साइबर पुलिस की जांच में सामने आया है कि शातिर आरोपियों ने 11.55 करोड़ की राशि को करीब 20 म्यूल अकाऊंट में ट्रांसफर किया। ऐसे में सभी खातों की पड़ताल की जा रही है और जल्द ही बैंक का सर्वर हैक करने वाला मुख्य आरोपी भी पकड़ में आ सकता है। जांच दायरे में आए सभी खातों को सीज किया जा चुका है।

पहले मामले की शिकायत सदर थाने में दी गई थी, बाद में यह मामला साइबर पुलिस को सौंप दिया गया। सूत्रों के अनुसार कुछ आरोपी गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गए हैं। ऐसे में साइबर पुलिस की टीमें विभिन्न राज्यों में सक्रिय हैं और आरोपियों की जानकारियां जुटाने में लगी हुई हैं। गौरतलब है कि शातिर ठगों ने बीते मई माह में साइबर अटैक कर चम्बा के हटली शाखा के एक खाताधारक का मोबाइल हैक कर राज्य सहकारी बैंक से 11.55 करोड़ रुपए उड़ा लिए थे। सूचना के अनुसार पहले यह राशि एक खाते में ट्रांसफर की गई, उसके बाद उसे आगे अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।

बैंकों से ली जा चुकी पूरी डिटेल
शातिर आरोपियों ने जिन जिन बैंक खातों में 11.55 करोड़ रुपए की राशि को ट्रांसफर किया, उन खातों की पूरी जानकारियां जुटाई जा चुकी हैं। ऐसे में अब संबंधित बैंक खातों का पूरा रिकार्ड खंगाला जा रहा है। माना जा रहा इस मामले से कई ठगी के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। ऐसे में सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। मामले की जांच में भारतीय कम्प्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल (सीईआरटी-इन) भी जुटा हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News