कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग चलाएगा प्रदेश में अभियान, इकबाल मोहम्मद नवनियुक्त अध्यक्ष

Monday, Feb 10, 2020 - 07:50 PM (IST)

शिमला, (तिलक राज): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के नवनियुक्त अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाला। बीते दिनों ही कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की कमान सौंपी थी। प्रदेश भर से आए विभाग के पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकत्र्ताओं की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला में अपना कार्यभार संभाला। इसके बाद उन्होंने कार्यकत्र्ताओं के साथ बैठक कर विभाग की आगामी रणनीति तैयार की। इकबाल मोहम्मद ने अनौपचारिक बातचीत में कहा कि वह प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों और ब्लॉकों का दौरा करेंगे और आगामी 2 माह के भीतर विभाग की प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियां गठित कर दी जाएंगी।

अल्पसंख्यक विभाग के प्रभारी मोहिंद्र सिंह बोहरा भी मौजूद रहे

उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी में सक्रिय तथा जो कार्यकत्र्ता पार्टी के सच्चे सिपाही के तौर पर समर्पित हैं, उन्हें विशेष तरजीह दी जाएगी। निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अल्पसंख्यकों को पार्टी के साथ जोडऩे का अभियान शुरू किया जाएगा। इस मौके पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रभारी मोहिंद्र सिंह बोहरा भी मौजूद रहे। इकबाल मोहम्मद ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह बखूबी निभाएंगे और संगठन की मजबूती के लिए सभी को साथ लेकर काम करेंगे। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने प्रभारी महेंद्र सिंह वोहरा व नवनियुक्त अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद की अगुवाई में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से मुलाकात  कर नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के बारे में विशेष चर्चा की।

केंद्र सरकार पर साधा निशाना

इकबाल मोहम्मद ने इसके साथ ही नागरिकता संशोधन बिल और एनसीआर को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यह बिल लाकर देश के संविधान की मूल भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तानाशाह बन गई केंद्र सरकार

इस मौके पर प्रदेश महासचिव लियाकत खान ने कहा कि देश के 30 करोड़ लोग भूमिहीन हैं। इसके साथ ही देश के 1 करोड़ 70 लाख लोगों के पास रहने के लिए मकान नहीं हैं। कोई सड़क पर तो कोई झुग्गियों में तो कोई फ्लाईओवर के नीचे तो कोई रैन बसेरा में रह कर जिंदगी गुजार रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाह बनकर जनता पर अपनी गलत नीतियों को थोपने का प्रयास कर रही है।

Kuldeep