उन्नाव दुष्कर्म मामले में सड़कों पर उतरा शिमला नागरिक मंच, आरोपी को मांगी फांसी

Saturday, Aug 10, 2019 - 06:59 PM (IST)

शिमला (तिलक राज): उन्नाव दुष्कर्म मामले को लेकर जहां देेेश भर में लोग सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैंं, वहीं शिमला भी इस घटना से अछूता नहीं रहा है। राजधानी में शनिवार को शिमला नागरिक मंच के सदस्य दुष्कर्म में संलिप्त आरोपी को फांसी दिए जाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे। शिमला नागरिक मंच के सदस्यों ने डीसी कार्यालय के समीप प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान नागरिक मंच के सदस्यों ने महिलाओं की सुरक्षा की मांग करते हुए नारेबाजी की।

बच्ची से लेकर महिला कहीं भी सुरक्षित नहीं

शिमला नागरिक मंच की सदस्य नमिता ने कहा कि आज के युग मे एक बच्ची से लेकर महिला कहीं भी सुरक्षित नहीं है। आए दिन प्रदेश व देश में बलात्कार की घटनाओं में वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्नाव में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के बाद भी आरोपी को राजनीतिक पार्टी का संरक्षण है। जनता के दबाव के बाद ही आरोपी को राजनीतिक पार्टी से निकाला गया।

...तो कैसे सुरक्षित रहेंगी महिलाएं

उन्होंने कहा कि अगर इस प्रकार महिलाओं के साथ दुष्कर्म करने वालों को राजनीतिक दलों का संरक्षण मिलता रहेगा तो महिलाएं कैसे सुरक्षित रहेंगी। उन्होंने कहा कि धरने के माध्यम से उक्त आरोपी को फांसी की मांग की जा रही है।

Vijay