हिमाचल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, कुंजुम व बारालाचा दर्रे पर 2 फुट से अधिक बर्फ

Monday, Oct 18, 2021 - 09:31 PM (IST)

शिमला/चम्बा (राजेश/काकू): हिमाचल में मानसून के विदा लेते ही पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। वहीं राजधानी शिमला व आसपास के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू व चम्बा जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में व्यापक बर्फबारी हुई है। लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला प्रशासन ने बर्फबारी की वजह से एन.एच. सहित जिले की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। साथ ही लोगों व पर्यटकों को ऊंचाई व निम्न तापमान वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा करने से बचने का परामर्श जारी किया है। विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति के लोसर में करीब 6 इंच, जबकि कोकसर व दारचा में 3-3 इंच ताजा बर्फ बारी हुई है जबकि कुंजुम व बारालाचा दर्रे पर 2 फु ट से अधिक बर्फ  दर्ज की जा चुकी है। बर्फबारी से मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग दारचा से आगे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद है।

बारिश व बर्फबारी के कारण बढ़ा ठंड का प्रकोप, 8 से 9 डिग्री की गिरावट
बारिश-बर्फबारी के चलते प्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 8 से 9 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। शिमला और मनाली में लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। शिमला में सोमवार को अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं सुंदरनगर में 20.6 डिग्री, भुंतर 15.5, कल्पा 7, धर्मशाला 20.4, ऊना 32.7, नाहन 23, केलांग 5, पालमपुर 18, सोलन 17, मनाली 11.4, कांगड़ा 24, मंडी 20.3, बिलासपुर 23.5, हमीरपुर 21.9, चम्बा 21.6, डल्हौजी 13.8 व कुफ री में 10.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

सांगला में सर्वाधिक बारिश दर्ज
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान हंसा में 3 सैंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं इस अवधि में सांगला में सर्वाधिक 37 मि.मी. बारिश हुई। कोठी में 32, खदराला 31, ङ्क्षतदर 29, रोहड़ू 27, नारकंडा व बंजार 26-26, कल्पा और कसौल 25-25, कोकसर और गोंडला 24-24, रिकांगपिओ, कुफ री व मनाली 23-23, कोटखाई 21, झंडूता 20, रामपुर, मशोबरा, कुमारसैन, सराहन और भुंतर 19-19, रेणुका 18, नाहन व शिमला 17-17, पांवटा साहिब, केलांग व सियोबाग में 16-16, कंडाघाट में 15 और सोलन में 14 मि.मी. बारिश हुई।

20 से 22 तक पूरे प्रदेश में साफ  रहेगा मौसम
मौसम विभाग के निदेशक डा. सुरेंद्र पाल ने बताया कि 20 से 22 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ  रहेगा। मौसम विभाग ने बारिश-बर्फ बारी के मद्देनजर पर्यटकों और आम जनमानस को पर्याप्त सुरक्षा उपाय करने की सलाह दी है। 

भरमौर-पांगी की चोटियों पर हिमपात, जिले में सर्दी की दस्तक
चम्बा जिले के ऊंचे पहाड़ों पर ताजा हिमपात हुआ है। इसके साथ ही सर्दी ने दस्तक दे दी है। बर्फबारी के बाद ठंडी हवाएं चल रही हैं और लोगों ने गर्म वस्त्र भी निकाल लिए हैं। पिछले दो दिनों से जिला भर में मौसम खराब रहा। रविवार देर शाम जनजातीय क्षेत्र भरमौर में बारिश शुरू हो गई। इसके बाद बर्फ के फाहे गिरने लगे। भरमौर के मणिमहेश, कुगती पास, चौबिया पास, इंद्रहार पास, यालसू और काली छो पास पर ताजा हिमपात हुआ है। उधर, पांगी के साच पास में ताजा बर्फबारी दर्ज हुई है। यह सीजन का पहला हिमपात है। सोमवार को भी सुबह से ही मौसम खराब रहा और ऊंची चोटियों पर रुक-रुक कर बर्फबारी होती रही। इस कारण समूचे क्षेत्र में ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया और जिला मुख्यालय समेत निचले क्षेत्रों में धूप निकल गई। देर शाम को फिर से मौसम खराब हो गया।

Content Writer

Kuldeep