केंद्रीय संसदीय बोर्ड तय करेगा हिमाचल से राज्यसभा प्रत्याशी

Monday, Mar 09, 2020 - 11:19 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): लोकसभा चुनाव में 2 विधायकों को टिकट देने के बाद अब राज्यसभा के लिए भाजपा किसी मंत्री या विधायक को प्रत्याशी नहीं बनाएगी। भाजपा प्रदेश में फिर से कोई उपचुनाव नहीं चाहती है। इस फैसले के बाद उन मंत्रियों ने भी राहत की सांस ली है, जिनके नाम राज्यसभा के लिए चर्चा में आए थे। माना जा रहा है कि संगठन से ही जुड़े किसी बड़े नेता को राज्यसभा में भेजा जा सकता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव ङ्क्षबदल की अध्यक्षता में सोमवार को हुई चुनाव समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। यह बैठक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के शिमला पहुंचने के तुरंत बाद हुई। सूत्रों के अनुसार बैठक में महेंद्र पांडेय के नाम पर चर्चा होने की सूचना है। महेंद्र पांडेय की पार्टी आलाकमान में अच्छी पैठ है। इसी तरह वर्तमान सरकार में शीर्ष पद पर बैठे नेताओं ने या तो उनके साथ काम किया है या उनसे राजनीति के गुर सीखे हैं। विद्यार्थी परिषद से लेकर प्रदेश में संगठन को खड़ा करने में भी उनका प्रमुख योगदान रहा है। प्रदेश में सबसे लंबे अरसे तक रहे भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती का नाम भी चर्चा में है, साथ ही संघ की पृष्ठभूमि से जुड़े कुलदीप चंद अग्रिहोत्री और महिला नेत्री इंदु गोस्वामी का नाम भी चर्चा में है। सूत्रों के अनुसार बैठक में प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा करने के बाद इसको शॉर्टलिस्ट किया गया। शॉर्टलिस्ट नामों की यह सूची भाजपा हाईकमान को भेज दी गई है, जिसमें से एक नाम पर स्वीकृति की मोहर लगा दी जाएगी।

26 मार्च को मतदान होगा तथा इसी दिन मतगणना होगी

हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने चुनाव समिति बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्रीय संसदीय बोर्ड राज्यसभा सीट के लिए प्रत्याशी के नाम पर अंतिम निर्णय लेगा। उन्होंने कहा कि जिन नामों पर प्रदेश चुनाव समिति बैठक में चर्चा हुई है, उससे केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करवा दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 26 मार्च को होने जा रहे राज्यसभा चुनाव के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। प्रदेश के कोटे से राज्यसभा की यह सीट विप्लव ठाकुर के 9 अप्रैल को कार्यकाल पूरा होने के कारण रिक्त हो रही है। इसके लिए 13 मार्च तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकते हैं जबकि  26 मार्च को मतदान होगा तथा इसी दिन मतगणना होगी।  मतदान हिमाचल प्रदेश विधानसभा परिसर के डा. वाईएस परमार विधानसभा पुस्तकालय हाल में होगा। प्रदेश भाजपा चुनाव समिति की बैठक प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव ङ्क्षबदल की अध्यक्षता में हुई, जिसमें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में महामंत्री संगठन पवन राणा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, सांसद रामस्वरूप शर्मा, पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप व कृपाल परमार, मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, पूर्व महामंत्री चंद्र मोहन ठाकुर और पूर्व प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने भी भाग लिया।

Kuldeep