Shimla: राष्ट्रगीत के अपमान पर भाजयुमो ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
punjabkesari.in Sunday, Aug 16, 2026 - 10:08 PM (IST)
शिमला (भूपिन्द्र): राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया। कार्यकर्त्ताओं ने सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन करते हुए वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। इस दौरान कांग्रेस और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। राजधानी शिमला में सीटीओ के सामने प्रदेश भाजयुमो के कार्यकर्त्ता एकत्र हुए तथा कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज किया तथा राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुमित शर्मा ने की, जबकि भाजयुमो प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली विशेष रूप से उपस्थित रहे। धरना-प्रदर्शन में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी संजय सूद, रवि मेहता, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा सहित भाजपा एवं भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।
धरने को संबोधित करते हुए सुशील कड़शोली ने कांग्रेस नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सोनिया गांधी और कांग्रेस नेताओं द्वारा वंदे मातरम् का अपमान किया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत का सम्मान किसी राजनीतिक विचारधारा का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय के लिए राष्ट्र सम्मान का विषय है। कड़शोली ने कहा कि वंदे मातरम् करोड़ों भारतीयों की भावनाओं और स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास से जुड़ा हुआ है। इसे गाते हुए स्वतंत्रता सेनानियों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया और मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। ऐसे राष्ट्रीय गीत के प्रति अनादर देश स्वीकार नहीं करेगा।
कड़शोली ने कहा कि वंदे मातरम् कोई साधारण गीत नहीं है। यह भारत माता के प्रति समर्पण, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक है। इसका अपमान भारत की राष्ट्रीय चेतना का अपमान है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास और वंदे मातरम् की विरासत से जोड़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेतृत्व के व्यवहार ने राष्ट्रीय गीत के सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजयुमो राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े विषय पर किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। कांग्रेस नेतृत्व को वंदे मातरम् के अपमान के लिए देश की जनता के सामने जवाब देना चाहिए और सोनिया गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।
कांग्रेस ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो आंदोलन होगा और उग्र : सनी शुक्ला
भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष सनी शुक्ला ने कहा कि वंदे मातरम् देश के स्वाभिमान और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा राष्ट्रगीत का अपमान किया गया है, जिसे भाजयुमो किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में कार्यकर्त्ताओं ने विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस ने सार्वजनिक माफी नहीं मांगी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

