उत्तराखंड के बाद अब मध्य प्रदेश पहुंची भांग की खेती को लेकर गठित हिमाचल की समिति

Monday, May 22, 2023 - 09:55 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): औद्योगिक और गैर मादक उपयोग के लिए भांग की खेती शुरू करने के दृष्टिगत प्रदेश सरकार द्वारा गठित समिति उत्तराखंड दौरे के बाद सोमवार को मध्य प्रदेश पहुंची। समिति ने मध्य प्रदेश के ग्वालियर में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं बागवानी, राजस्व व जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी व अन्य सदस्यों ने भांग की खेती शुरू करने को लेकर कानूनी पहलुओं पर ब्यूरो के अधिकारियों से विमर्श किया।

साथ ही अफ ीम और भांग की खेती में विभिन्न समानताओं पर भी चर्चा की गई। समिति ने भविष्य में प्रदेश में भांग की खेती से संबंधित नीति बनाने के लिए सहयोग का आग्रह किया। समिति ने अधिकारियों से खेती शुरू करने के लिए लाइसैंस से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी हासिल की। रविवार देर शाम समिति ने उत्तराखंड सरकार के आबकारी एवं कराधान विभाग के अधिकारियों और भांग की खेती से जुड़े लोगों के साथ बैठक की। इस मौके पर समिति के सदस्य मुख्य संसदीय सचिव सुंदर सिंह ठाकुर, विधायक व अन्य सदस्य उपस्थित थे।

समिति ने साई फ ाइटोस्यूटिकल्स कंपनी का किया दौरा
समिति ने ग्वालियर के मालनपुर स्थित साई फ ाइटोस्यूटिकल्स कंपनी का दौरा किया और आयुष विभाग से लाइसैंस प्राप्त कर भांग से औषधियां तैयार करने के बारे में विस्तृत से जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के नारकोटिक्स आयुक्त दिनेश बोध, नारकोटिक्स संस्थान के अधीक्षक डी.एस. सिंह, साई फ ाइटोस्यूटिकल्स कंपनी के प्रतिनिधि अनिल बंसाली भी उपस्थित थे।

भांग से तैयार किए जाने वाले उत्पाद को लेकर हुई चर्चा
इस दौरान भांग की खेती से जुड़ी विभिन्न फ र्मों ने समिति को अवगत करवाया कि भांग की खेती से किस प्रकार विभिन्न उत्पाद और गृह निर्माण से संबंधित सामग्री तैयार की जा सकती है। दैनिक प्रयोग में आने वाली विभिन्न वस्तुएं तैयार की जा सकती हैं। राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भांग की खेती से बनने वाले उत्पादों पर भी चर्चा की गई।

सरकार व किसानों के समक्ष आई समस्याओं व चुनौतियों पर किया जाएगा चिंतन : जगत
नेगी ने कहा कि औद्योगिक और गैर-मादक उपयोग के लिए भांग की खेती वैध करने के लिए पड़ोसी राज्य उत्तराखंड में सरकार और किसानों के समक्ष आई समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तार से चिंतन किया जाएगा। भांग की खेती से जुड़े लोगों के अनुभवों और सुझावों पर गहनता से गौर किया जाएगा। इसके आधार पर समिति अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।

Content Writer

Kuldeep