अटल सुरंग निर्माण का जायजा लेंगे मुख्यमंत्री, 3 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन

Monday, Sep 21, 2020 - 08:48 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): अटल सुरंग के निर्माण कार्य का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 23 सितम्बर को रोहतांग के दौरे पर जा रहे हैं। यहां पर वह सैन्य अधिकारियों से मंत्रणा करेंगे, ताकि वस्तुस्थिति का पता चल सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सुरंग का उद्घाटन करने के लिए 3 अक्तूबर को रोहतांग आ रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भी पहुंचने की संभावना है। प्रदेश सरकार इस दौरान छावनी बोर्ड में आने वाली समस्याओं का मामला केंद्रीय रक्षा मंत्री से उठाने की तैयारी में है, जिसका उल्लेख मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने

विधानसभा के मानसून सत्र में भी किया था।
उल्लेखनीय है कि छावनी बोर्ड में रह रहे लोगों से वहां का प्रबंधन अपने तरीके से करों की वसूली करता है। छावनी परिषद योल में गृह कर वसूले जाने का एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जिसमें गरीब लोगों को भी किसी तरह की रियायत नहीं दी जा रही है। ऐसे में प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के आगमन के दौरान इस मामले को उठाना चाहती है, ताकि समस्याओं का निराकरण हो सके।

डा. रामलाल मारकंडा तैयारियों में जुटे
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के रोहतांग दौरे से पहले तकनीकी शिक्षा मंत्री डा. रामलाल मारकंडा तैयारियों में जुट गए हैं। यह सुरंग न केवल सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इससे प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस सुरंग के निर्माण से केलांग से मनाली के बीच 45 किलोमीटर की दूरी कम होगी।

 

Kuldeep