खतरे में अनिल शर्मा की कुर्सी, हाईकमान से मिले सी.एम.

Monday, Apr 01, 2019 - 11:19 PM (IST)

शिमला: मंडी संसदीय क्षेत्र से आश्रय शर्मा के कांग्रेस से चुनाव लडऩे की घोषणा के बाद ऊर्जा मंत्री अनिल शर्मा की कुर्सी खतरे में पड़ गई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस सिलसिले में केंद्रीय नेताओं से नई दिल्ली में मुलाकात की है। सूत्रों के अनुसार बदले सियासी हालात में मुख्यमंत्री कभी भी अनिल शर्मा से इस्तीफा मांग सकते हैं। अनिल शर्मा पर इस्तीफे के लिए इस कारण भी पार्टी की तरफ से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर दबाव पड़ रहा है, क्योंकि उन्होंने संसदीय क्षेत्र में प्रचार करने से मना कर दिया है। ऐसे में मुख्यमंत्री पार्टी आलाकमान से चर्चा करने के बाद ही इस पर कोई अंतिम निर्णय लेना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार बैठक में मंडी संसदीय क्षेत्र से राम स्वरूप शर्मा के टिकट बदलने पर भी चर्चा हुई है, क्योंकि कुछ मंडल के कद्दावर नेताओं ने ऐसी सिफारिश की है। ऐसे नेताओं का कहना है कि मंडी में एंटी इन्कमबैंसी एक फैक्टर है, जिसे देखते हुए टिकट को बदला जाना चाहिए। हालांकि कोई भी भाजपा नेता इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।

अनिल शर्मा तय करें उन्हें भविष्य में क्या करना है : जयराम

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नई दिल्ली में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा है कि यह अनिल शर्मा को तय करना है कि उन्हें भविष्य में क्या करना है। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा के आग्रह पर उन्हें न केवल टिकट दिया गया, बल्कि सम्मान सहित मंत्री भी बनाया। उन्होंने पंडित सुखराम और वीरभद्र के मिलन को स्वार्थ की राजनीति की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि दोनों नेता हमेशा राजनीति के विपरीत धु्रवों पर खड़े रहे हैं। वे साथ रहकर भी कभी साथ खड़े नहीं रहे और अब भी नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम ने कुछ हासिल करने की मंशा से जो कदम उठाए हैं, उसमें उन्हें ज्यादा गंवाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम यह बता देंगे कि उनकी राजनीति का दौर अब बीत चुका है। उन्होंने कहा कि पुत्र मोह तो देखा था, परन्तु वह पहली बार पौत्र मोह देख रहे हैं। पौत्र मोह में पंडित सुखराम ने पुत्र का भविष्य दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि दादा-पोते के लिए व्यक्तिगत सपनों को पूरा करने के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे में यदि किसी को गलतफ हमी है तो भाजपा सरकार बनाने में किसी व्यक्ति विशेष की कोई भूमिका है, यह गलतफहमी आने वाले लोकसभा चुनाव के परिणाम में दूर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को संतुष्ट करने को लेकर करवाए गए सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश देशभर में दूसरे स्थान पर रहा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया तथा कहा कि छोटी-सी अवधि में ही प्रदेश को विभिन्न प्रोजैक्टों के तहत 10,500 करोड़ रुपए प्राप्त हुए हैं।

भाजपा से भयभीत कांग्रेस में भगदड़

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा से भयभीत होकर कांग्रेस पार्टी में भगदड़ है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से डरकर केरल की वायनाड सीट पर मुस्लिम लीग की शरण में चले गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हिमाचल में चारों सीटों पर कांग्रेस टिकट पर कोई चुनाव नहीं लडऩा चाहता। उन्होंने दावा किया कि मोदी लहर के चलते कांग्रेस का सेनापति ही मैदान छोड़ गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफ नामा देकर कहा था कि श्रीराम कोई भगवान नहीं, बल्कि एक काल्पनिक पात्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अयोध्या में श्रीराम जन्म भूमि मंदिर निर्माण की भी सख्त विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सत्ता में रहते हुए देश की सुरक्षा को सुनिश्चित किया है।

मुख्यमंत्री आज जुन्गा जाएंगे

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सोमवार को कसुम्पटी मंडल के जुन्गा में होने वाले महिला मोर्चा सम्मेलन में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष चंद्रमोहन ठाकुर ने दी।

Kuldeep