Shimla: 8.75 लाख की चोरी के तीन मामलों में एक साल से फरार शातिर गिरफ्तार
punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2026 - 10:49 PM (IST)
शिमला (संतोष): शिमला जिला की सुन्नी पुलिस ने चोरी की वारदातों में पिछले एक साल से वांछित चल रहे एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ सुन्नी और सदर पुलिस थानों में चोरी के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं, जिनमें कुल लगभग 8.75 लाख रुपए के आभूषण और नकदी की चोरी का आरोप है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सुन्नी की टीम गश्त पर निकली हुई थी। इसी दौरान सतर्कता बरतते हुए पुलिस टीम ने सवांकर (नौटीखड्ड) के पास से 35 वर्षीय आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार किया गया आरोपी योगराज पुत्र जीवानंद शिमला जिला के बसंतपुर तहसील सुन्नी का निवासी है।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को मुख्य रूप से थाना सुन्नी में दर्ज एक पुराने मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह आरोपी पिछले साल हुई चोरी की तीन बड़ी वारदातों में वांछित था। पूछताछ के बाद आरोपी को 1 मई 2025 को बीएनएस की धारा 331(4) पुलिस थाना सुन्नी में गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकार आरोपी के विरुद्ध दर्ज इन चोरी के मामलों में कुल करीब 8.75 लाख की संपत्ति/नकदी की चोरी का संबंध सामने आता है। आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

