16 जुलाई से मानसून दोबारा पकड़ सकता है रफ्तार, अलर्ट जारी

Monday, Jul 13, 2020 - 09:36 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। राज्य में सोमवार को मौसम शुष्क बना रहा। राजधानी शिमला में दोपहर तक बादलों के बीच हल्की धूप भी खिली। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के चंद इलाकों में छिटपुट बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 16 जुलाई से मानसून दोबारा रफ्तार पकड़ सकता है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 16 से 19 जुलाई तक प्रदेश में मानसून लय में नजर आएगा और अधिकतर क्षेत्रों में बादलों के बरसने के आसार हैं। शिमला सहित मध्य पर्वतीय इलाकों में 16 जुलाई को गरज के साथ बारिश और बिजली कड़कने का यैलो अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि अगले दो दिन राज्य में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

इस बीच मानसून की रफ्तार मंद पड़ते ही तापमान में बढ़ौतरी होनी शुरू हो गई है। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 2 डिग्री के उछाल के साथ 36 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया। राजधानी शिमला में आज अधिकतम तापमान 25.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो पिछले कल 24.9 डिग्री सैल्सियस था। इसके अलावा सुंदरनगर में पारा 33.4, भुंतर में 34.5, कल्पा में 25.8, नाहन में 28.8, केलांग में 23.7, पालमपुर में 27.1, सोलन में 31, मनाली में 22, कांगड़ा में 32, मंडी में 33.8, बिलासपुर में 34, हमीरपुर में 33.9, चंबा में 32.2, डल्हौजी में 21.2, कुफरी में 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।

Kuldeep