लोकसभा और राज्यसभा में 18 साल बिताने के बाद शांता ने की दिल्ली से विदाई लेने की तैयारी

Thursday, Jun 20, 2019 - 10:36 PM (IST)

शिमला: लोकसभा और राज्यसभा में 18 साल बिताने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री शांता कुमार ने नई दिल्ली से विदाई लेने की तैयारी शुरू कर दी है। नई दिल्ली से पालमपुर लौटने से पहले वह पार्टी नेताओं एवं नजदीकी मित्रों से मिलकर उनका आभार जताएंगे। शांता कुमार ने मीडिया को जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनको लोकसभा व राज्यसभा में 18 साल सांसद के तौर पर काम करने का मौका मिला। इसके अलावा वह 15 साल प्रदेश विधानसभा के लिए भी निर्वाचित हुए। यानी अपने जीवनकाल में 33 वर्ष सांसद और विधायक रहे। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं केंद्र में खाद्य मंत्री भी रहे। दोनों महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए उन्होंने गरीबों के लिए अंत्योदय अन्न योजना शुरू की। इससे करोड़ों गरीबों को सस्ता अनाज मिल सका।

विश्व की सबसे बड़ी संसद को संबोधित करने का मिला अवसर  

शांता को इस दौरान विश्व की सबसे बड़ी संसद राष्ट्रसंघ न्यूयार्क को संबोधित करने का अवसर भी मिला, जिसमें उन्होंने विश्व के गरीबों के लिए अंत्योदय योजना शुरू करने की बात की। इस तरह वह गांव की पंचायत से संसद और फि र राष्ट्रसंघ तक पहुंचे। इतना लंबे समय उनको काम करने का मौका मिला, जिसके लिए वह प्रदेश की जनता का आभार जताते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की सेवा करने का अवसर उन्हें पार्टी के कारण ही प्राप्त हुआ, जिसके लिए वह उनका आभार प्रकट करते हैं।

Vijay