शर्मनाक: महिला को बुरी तरह पीटा, शरीर पर दिए गहरे घाव, पैरों में डाली बेड़ियां और फिर...
punjabkesari.in Saturday, Jun 07, 2025 - 03:04 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में एक वीभत्स घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने एक महिला को बुरी तरह पीटा। उसे पूरे शरीर पर गहरे घाव दिए गए और फिर लोहे की जंजीरों में बांधकर ताला जड़ दिया। इसके बाद आरोपी घर से फरार हो गया। यह पूरा मामला मंडी जिले के करसोग स्थित मझास गांव का बताया गया है। महिला के रोने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर आसपास की महिलाएं मौके पर पहुंचीं ताे महिला की हालत देखकर दंग रह गईं। महिलाओं ने पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद देर रात करीब 10 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस कार्रवाई और मेडिकल
पुलिस तुरंत महिला को करसोग अस्पताल ले गई जहां उसका मेडिकल करवाया गया। बताया जा रहा है कि महिला की बाजू, कान, जांघ और पीठ पर गहरे चोट के निशान हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे यह कहकर बेड़ियों में जकड़ा कि "तू भाग जाती है." पीड़िता ने यह भी बताया कि आराेपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी है।
आरोपी का इतिहास और महिला की स्थिति
करसोग के सामाजिक कार्यकर्ता पूर्ण चंद कौंडल ने इस घटना की जानकारी देते हुए आराेपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। पूर्ण चंद कौंडल ने बताया कि महिला से मारपीट करने वाले व्यक्ति का नाम चरण दास है। वह करीब दो महीने पहले ही इस महिला को अपने घर लाया था, जबकि वह पहले से शादीशुदा है। अब पीड़ित महिला भी उसकी पहली पत्नी और तीन बच्चों के साथ उसी घर में रह रही थी। बीते कल किसी बात को लेकर आराेपी ने महिला की बेरहमी से पिटाई की और उसे बेड़ियों में जकड़ दिया। चरण दास मझास गांव में एक सेब के बगीचे में काम करता है, और उसका पूरा परिवार यहीं रहता है, जिसमें यह पीड़ित महिला भी शामिल थी।
एसएचओ बाेले-बिना शादी के ही रह रही थी महिला
करसोग के एसएचओ सोमदत्त ने बताया कि जब पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला जंजीरों में नहीं थी। उन्होंने यह भी बताया कि महिला के कुछ एक्स-रे आज करवाए जा रहे हैं और रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज होगा। एसएचओ ने पुष्टि की कि जिस महिला की पिटाई हुई है, वह चरण दास के साथ बिना शादी के ही रह रही थी।
सामाजिक कार्यकर्ता पूर्ण चंद कौंडल ने यह भी जानकारी दी कि महिला मानसिक रूप से थोड़ी अस्वस्थ है और मारपीट के बाद घबराई हुई है। पीड़िता ने पहले भी हमीरपुर के जीणी गांव में शादी कर रखी थी, लेकिन पति के साथ अनबन के कारण उसका तलाक हो गया था। उसके पिता की मौत हो चुकी है, और मां तथा भाई के साथ उसके संबंध अच्छे नहीं हैं। पूर्ण चंद ने यह भी बताया कि आराेपी चरण दास शराब के नशे में धुत्त होकर अपनी पहली पत्नी के साथ भी मारपीट करता है, जिसके कारण वह कई बार रात में घर से भागने को मजबूर हो जाती है।