आनी कॉलेज में प्राध्यापकों के पद न भरने पर SFI उग्र, NH-305 पर किया चक्का जाम

Saturday, Dec 29, 2018 - 07:04 PM (IST)

आनी: आनी के हरिपुर स्थित डिग्री कॉलेज में सोशियोलॉजी, इकोनॉमिक्स और फिजिक्स सहित संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण प्राध्यापकों के रिक्त पड़े पदों को भरने में प्रदेश सरकार, शिक्षा विभाग और स्थानीय विधायक की नाकामी से रुष्ट कालेज की एस.एफ.आई. इकाई के छात्रों ने शनिवार को आनी में एक बार फिर से विरोध-प्रदर्शन और एन.एच.-305 पर चक्का जाम कर डाला। करीब 150 छात्र-छात्राओं ने आनी के नए बस अड्डे में एकत्र होकर नारेबाजी करते हुए पुराने बस अड्डे की ओर रुख किया।

एन.एच.-305 पर बने पुल पर धरना देकर की नारेबाजी

इस दौरान छात्र आनी कस्बे के बीचोंबीच एन.एच.-305 पर बने पुल पर बैठ गए और मांगों को लेकर नारेबाजी जारी रखी। रिक्त पदों को लेकर 2 सप्ताह में यह दूसरी बार छात्रों द्वारा चक्का जाम किया गया। इससे पहले 14 दिसम्बर को सी.एस.सी.एस. के आह्वान पर करीब 500 छात्र-छात्राओं ने निगान चौक पर एन.एच.-305 पर चक्का जाम किया था। शनिवार को एस.डी.एम. आनी द्वारा मध्यस्थता करने और फरवरी में सत्र शुरू होने पर रिक्त पदों को भर दिए जाने के आश्वासन के बाद ही करीब सवा घंटा बाद एन.एच.-305 पर ट्रैफिक बहाल हो सका।

जिला परिषद सदस्य के अलावा कोई जनप्रतिनिधि नहीं था मौजूद

इस दौरान जिला परिषद सदस्य लोकेंद्र कुमार के अलावा कोई भी जनप्रतिनिधि छात्रों से बातचीत करने नहीं पहुंचा। गौर रहे कि आनी के डिग्री कॉलेज में पिछले काफी समय से फिजिक्स, सोशियोलॉजी, इकोनॉमिक्स और संस्कृत के प्राध्यापकों के पद खाली चल रहे हैं। विधायक किशोरी लाल सागर का कहना है कि नए सत्र में अध्यापकों के रिक्त पदों को हर हाल में भर दिया जाएगा।

Vijay