वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने की मोदी की तारीफ, राठौर ने जताई आपत्ति

Tuesday, Aug 27, 2019 - 11:00 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश व कुछ अन्य नेताओं द्वारा पी.एम. मोदी के कार्यों की सराहना पर हैरानी जताते हुए इसे गैर-जरूरी बताया है। उन्होंने कहा है कि मोदी सरकार की गलत नीतियों और कार्यों का विरोध किया जाना चाहिए था, लेकिन उज्ज्वला योजना व अन्य विकास कार्य जोकि एक सामान्य प्रक्रिया है, उसकी बेवजह तारीफ  कर रहे हैं। राठौर ने कांग्रेस के ऐसे वरिष्ठ नेताओं की बयानबाजी पर हैरानी जताते हुए कहा कि ऐसे बयानों से देश में पार्टी कार्यकत्र्ता हतोत्साहित हो रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं और प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे ऐसी किसी भी बयानबाजी से बचें, जिससे लोगों के बीच कोई गलत संदेश जाता हो।  

राठौर ने कहा है कि कांग्रेस के नेताओं को यह नहीं भूलना चाहिए कि भाजपा व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी व स्व. राजीव गांधी के बारे में अपशब्दों का प्रयोग करते रहे हैं जबकि इन महान विभूतियों ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए बलिदान तक दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही कांग्रेस नेताओं के बारे अपशब्द बोलती आई है जबकि कांग्रेस अपने उसूलों पर सभ्य ढंग से बात करती है। राठौर ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया है कि वे केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की अनैतिक, जनविरोधी व असंवैधानिक नीतियों के खिलाफ  अपनी आवाज बुलंद करें।

कहा-लोगों को बांटने का काम कर रही भाजपा

राठौर ने आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा देश में क्षेत्रवाद, जातिवाद और सांप्रदायिकता के नाम पर गुमराह कर लोगों को बांटने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा बिना सोचे-समझे नोटबंदी और बिना किसी तैयारी के लिए गए जी.एस.टी. जैसे फैसले से देश में आॢथक संकट खड़ा हो गया है। प्रमुख औद्योगिक घराने अपने कर्मचारियों की छंटनी करने को मजबूर हो रहे हैं और यह सब भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से ही हो रहा है।

Ekta