मेरे दम पर सत्ता हथियाई और अब मैं 'आया राम गया राम' हो गया (Watch Video)

Wednesday, Apr 10, 2019 - 11:28 AM (IST)

मंडी (नीरज): पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री पंडित सुखराम ने उनपर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे 'आया राम गया राम' के आरोपों को गलत बताया है। सुखराम का कहना है कि भाजपा ने उनके दम पर सत्ता हथियाई और बाद में उन्हें पार्टी का सदस्य मानने से ही इंकार कर दिया। मंगलवार को मंडी जिला कांग्रेस कमेटी के सम्मेलन में पंडित सुखराम ने यह बात कही। अपने दस मिनट के संबोधन में उन्होंने सिर्फ भाजपा पर ही निशाना साधा और वीरभद्र सिंह की तारीफ की। 

उन्होंने कहा कि 2017 में उनका पूरा परिवार भाजपा में शामिल हुआ। उनके बेटे अनिल शर्मा ने पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा। उन्होंने मंडी जिला में पार्टी के लिए काम किया और प्रचार किया। लेकिन अब लोकसभा चुनावों की बारी आई तो भाजपा ने इन्हें सदस्य मानने से ही इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जो आया राम गया राम के आरोप लगा रही है वह पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए काम करने का आहवान किया।

Ekta