पंजाब व हिमाचल पुलिस ने डमटाल के जंगल में चलाया सर्च ऑप्रेशन, जानिए क्यों

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2020 - 09:52 PM (IST)

डमटाल (ब्यूरो): डमटाल के गांव भदरोया में बीते दिनों मिले हैंड ग्रेनेड के चलते पंजाब और हिमाचल की पुलिस संयुक्त तौर पर कार्रवाई करते हुए डमटाल व पठानकोट के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह से खंगाल रही है। इसके चलते मंगलवार को जिला कांगड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार, पंजाब पुलिस के जिला पठानकोट के एडिशनल एसपी हेमपुष्प और डीएसपी राजिंद्र मन्हास व डमटाल पुलिस थाना के प्रभारी हरीश गुलेरिया के नेतृत्व में सैंकड़ों पुलिस कर्मियों ने डमटाल के जंगल का चप्पा-चप्पा छाना।

भदरोया गांव में हैंड ग्रेनेड मिलने से जिला पठानकोट और कांगड़ा पुलिस हाई अलर्ट पर हैं। मंगलवार को दोनों राज्यों की पुलिस ने पंजाब और हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्र पूरी तरह से खंगाले और डमटाल के जंगल में भी छानबीन की। हालांकि पुलिस को ऐसी कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। पुलिस के सारा दिन चले तलाशी अभियान में 50 से अधिक पुलिस कर्मियों ने इस ऑप्रेशन में भाग लिया।

पठानकोट एयरबेस साथ होने और 15 अगस्त समीप होने के चलते दोनों राज्यों की पुलिस अलर्ट पर है। एडीशनल एसपी दिनेश कुमार ने बताया कि पठानकोट की पुलिस के साथ संयुक्त तौर पर डमटाल क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि लोग भयभीत न हों। हिमाचल पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए वचनबद्ध है और डमटाल क्षेत्र में पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News